संवाद न्यूज एजेंसी
बठिंडा। शहर के हाज़ीरतन और दीप नगर क्षेत्र के लोगों के लिए बड़ी राहत की खबर है। वर्षों से रेलवे फाटक के कारण झेलनी पड़ रही यातायात समस्या के समाधान की दिशा में अहम कदम उठाते हुए हाज़ीरतन–दीप नगर रेलवे लाइन पर रेलवे ओवरब्रिज (आरओबी) के निर्माण को मंजूरी दे दी गई है। ओवरब्रिज बनने से रोजाना लगने वाले लंबे जाम से निजात मिलेगी और आवागमन सुगम होगा।
शहरी हलके के विधायक जग्गरूप सिंह गिल ने बताया कि विधानसभा चुनावों के दौरान क्षेत्र के दौरे में लोगों ने हाज़ीरतन रेलवे फाटक पर बार-बार लगने वाले जाम की समस्या प्रमुखता से उठाई थी। दीप नगर, बलराज नगर, उधम सिंह नगर, बांगी नगर और कृष्णा कॉलोनी सहित आसपास के इलाकों के निवासियों को फाटक बंद रहने से घंटों इंतजार करना पड़ता था।
विधायक गिल ने कहा कि समस्या की गंभीरता को देखते हुए उन्होंने ओवरब्रिज निर्माण के लिए लगातार प्रयास किए। 29 अप्रैल 2025 को रेलवे विभाग को पत्र लिखने के साथ ही रेलवे राज्य मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू के समक्ष भी यह मुद्दा उठाया गया। इन प्रयासों के परिणामस्वरूप 30 जनवरी 2026 को रेलवे के चीफ इंजीनियर की ओर से ओवरब्रिज निर्माण और उसकी वित्तीय स्वीकृति से संबंधित आधिकारिक पत्र प्राप्त हुआ।
तीसरा रेलवे ओवरब्रिज होगा
उन्होंने बताया कि यह उनके प्रयासों से बठिंडा में बनने वाला तीसरा रेलवे ओवरब्रिज होगा। मुल्तानिया ओवरब्रिज पहले ही बनकर तैयार हो चुका है, जबकि जनता नगर में लगभग 50 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले ओवरब्रिज के टेंडर जारी हो चुके हैं। ओवरब्रिज बनने से हाज़ीरतन फाटक पर जाम की समस्या समाप्त होगी। स्कूल जाने वाले बच्चों, कर्मचारियों, व्यापारियों और मरीजों को राहत मिलेगी। आपात सेवाओं की आवाजाही भी निर्बाध हो सकेगी। इसके साथ ही समय, ईंधन की बचत और प्रदूषण में कमी आएगी। अनुमान है कि इस परियोजना से करीब एक से डेढ़ लाख की आबादी को प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष लाभ मिलेगा।