हादसे में रेहड़ी चालक गंभीर घायल, ट्रैक्टर चालक ने कूदकर बचाई जान
संवाद न्यूज एजेंसी
चंडीगढ़। ट्रिब्यून चौक से सेक्टर-47 जाने वाली सड़क पर वीरवार को एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर बर्गर की रेहड़ी से टकरा गया। इस हादसे में रेहड़ी चालक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे तुरंत इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित रहा।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसा किसी फिल्मी दृश्य से कम नहीं था। ट्रैक्टर चालक ने समय रहते चलती गाड़ी से छलांग लगाकर अपनी जान बचा ली, जबकि ट्रैक्टर बिना चालक के ही सड़क पर दौड़ता रहा। बेकाबू ट्रैक्टर ने सड़क किनारे खड़ी बर्गर रेहड़ी को टक्कर मार दी और करीब 20 से 30 मीटर तक घसीटते हुए फुटपाथ पर ले जाकर लोहे की ग्रिल से टकराकर रुका।
ट्रैक्टर चालक चंदर शेखर ने बताया कि एक कार चालक की लापरवाही के कारण उसे अचानक ब्रेक लगाने पड़े, जिससे ट्रैक्टर का संतुलन बिगड़ गया। हालात बेकाबू होते देख उसने ट्रैक्टर से कूदना ही सुरक्षित समझा।
हादसे में रेहड़ी चालक आशीष ट्रैक्टर की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और ट्रैफिक को सुचारू कराया। घायल को अस्पताल पहुंचाया गया। सेक्टर-31 थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस कार चालक की भूमिका की भी जांच कर रही है और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं।