चंडीगढ़। सेक्टर-29 स्थित ट्रिब्यून चौक पर मंगलवार तड़के तीन बजे रॉन्ग साइड से स्लिप रोड पर आ रही इनोवा कार ने ऑटो को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि ऑटो पलट गया और चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। इंडस्ट्रियल एरिया थाना पुलिस ने मनीमाजरा निवासी ऑटो चालक सलमान की शिकायत पर अज्ञात चालक के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सलमान ने पुलिस को बताया कि वह जीएमसीएच-32 में सवारी छोड़ने के बाद रेलवे स्टेशन की ओर लौट रहा था। जैसे ही वह ट्रिब्यून चौक के पास स्लिप रोड पर पहुंचा रॉन्ग साइड से आ रही इनोवा कार ने ऑटो में टक्कर मार दी। हादसे के बाद आरोपी चालक भाग गया। घायल सलमान को मौके पर मौजूद अखबार वितरण से जुड़े लोगों ने तुरंत ऑटो से बाहर निकालकर जीएमसीएच-32 पहुंचाया। प्रत्यक्षदर्शियों ने कार का नंबर भी नोट कर लिया। पुलिस नंबर के आधार पर आरोपी की पहचान में जुटी है।