चंडीगढ़। सेक्टर-29 के एक मकान में डंडों के साथ घुसकर महिला के साथ छेड़छाड़, धमकाने और उसके पति को गोली मारने की धमकी देने के मामले में औद्योगिक क्षेत्र थाना पुलिस ने सेक्टर-29 निवासी ऋषभ को गिरफ्तार किया है। संबंधित मामला बीते 24 जनवरी को ट्रेसपासिंग, छेड़छाड़, चोट पहुंचाने, धमकाने की धाराओं में दर्ज किया गया था। शिकायतकर्ता 39 वर्ष की महिला थी। पुलिस ने आकाश और ऋषभ नामक दो आरोपियों के खिलाफ शुरुआत में एफआईआर दर्ज की थी। महिला ने अपनी शिकायत में कहा था कि घटना वाले दिन रात 8.50 बजे पर वह घर के ऊपर वाले कमरे में अकेली थी। इस दौरान करीब आधा दर्जन युवक डंडे लेकर उनके घर पहुंचे और उनके पति के बारे में पूछते हुए गलत ढंग से शिकायतकर्ता महिला को छूते हुए गालियां निकाली। महिला के मुताबिक आरोपियों ने पहले भी उनके पति को गोली मारने की धमकी दी। महिला ने कहा था कि आकाश नामक युवक के कहने पर वह युवक उसके घर में घुसे थे जिनमें ऋषभ भी था। पुलिस ने दायर शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरु की थी।