चंडीगढ़। करीब 15 साल की नाबालिग लड़की के साथ दुष्कर्म करने के मामले में सेक्टर- 36 थाना पुलिस ने सेक्टर-52 कजेहड़ी के 20 वर्षीय सूरज उर्फ डांगा को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके खिलाफ 30 अगस्त को नाबालिग से दुष्कर्म करने, धमकाने और पोक्सो एक्ट की धारा 6 के तहत मामला दर्ज किया था। आरोपी को जिला अदालत में पेश किया गया जहां से उसे बुड़ैल जेल न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। जानकारी के मुताबिक मामले में पीड़िता की अचानक तबीयत बिगड़ने पर उसे अस्पताल ले जाया गया। यहां पता चला कि पीड़िता लगभग 6 माह की गर्भवती है। इसकी जानकारी अस्पताल प्रशासन द्वारा तुरंत पुलिस को दी गई, जिसके बाद पीड़िता के बयान दर्ज करने के बाद पुलिस ने मामले में आरोपी को दबोचा और उसके खिलाफ मामला दर्ज किया।