अमृतसर। कोलकाता में आयोजित 69वीं नेशनल स्कूल गेम्स में रिदमिक जिम्नास्टिक चैंपियनशिप में अमृतसर टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 10 मेडल अपने नाम कर पंजाब का नाम रोशन किया। शनिवार को एमएम मालवीय रोड स्थित जिला स्पोर्ट्स कार्यालय में जिला स्पोर्ट्स अफसर सविता कुमारी ने टीम का स्वागत किया और खिलाड़ियों को जीत पर बधाई दी।
अंडर-19 टीम ने कोच नीतू बाला और सिमरनजोत कौर की लीडरशिप में दूसरा स्थान हासिल किया। व्यक्तिगत मुकाबलों में पाहुलप्रीत कौर ने सिल्वर और ब्रॉन्ज, अंकिता और हरकीरत कौर ने सिल्वर मेडल जीते। अंडर-17 टीम तीसरे स्थान पर रही, जिसमें अनुमीत कौर, हरमनजीत कौर और नंदिता शर्मा ने ब्रॉन्ज मेडल जीते। अंडर-14 टीम ने भी तीसरा स्थान हासिल किया, जिसमें नविका शर्मा, दृष्टि देवी और चरणप्रीत कौर ने ब्रॉन्ज मेडल जीते। सविता कुमारी ने विजेता खिलाड़ियों को भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी और उनके उज्जवल करियर की कामना की। संवाद