स्टेट स्पेशल आपरेशन सेल (एसएसओसी) ने अंतरराज्यीय हथियारों की तस्करी करने वाले माड्यूल का पर्दाफाश करते हुए विदेशी मूल के आतंकवादी लखबीर उर्फ लंडा के दो साथियों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों के नाम सुमितपाल सिंह निवासी गांव ठठियां और अर्पनदीप सिंह निवासी गांव चब्बा कला है। इन आरोपियों से पुलिस ने मैगजीन, गोला बारूद सहित .32 बोर के छह अत्याधुनिक पिस्तौल बरामद किए हैं।
एसएसओसी के एआईजी सुखमिंदर सिंह मान ने बताया कि लाॅरेंस बिश्नोई के साथियों द्वारा मध्य प्रदेश ( एमपी) से हथियारों की खेप प्राप्त करने संबंधी खूफिया जानकारी मिलने के बाद कार्रवाई करते उनकी टीमों ने एक ऑपरेशन चलाया और दोनों आरोपियों को रेलवे स्टेशन अमृतसर के पास से काबू कर लिया। उन्होंने बताया कि शुरुआती जांच से पता लगा है कि आरोपी सीधे तौर पर एमपी स्थित गैर कानूनी हथियारों के डीलर के संपर्क में थे। करीब 15 दिन पहले उक्त आरोपी हथियारों की खेप लेने के लिए बस के जरिये एमपी गए थे और वहां से रेल के माध्यम से अमृतसर वापस लौटे। इसके बारे सूचना लगी थी। इसी के तहत ट्रैप लगाया गया और दोनों को रेलवे स्टेशन के बाहर से गिरफ्तार कर लिया।
उन्होंने बताया कि पकड़े गए आरोपियों ने खुलासा किया कि उन्होंने हथियारों की यह खेप आपराधिक तत्वों को आगे बेचने के लिए खरीदी थी ताकि आपराधिक गतिविधियों को अंजाम दे सकें। आरोपियों ने एक महीना पहले हरिके इलाके में दो अंजान व्यक्तियों को .32 बोर के दो पिस्तौल बेचने की बात भी मानी है। फिलहाल आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है और रिमांड पर लेकर पूछताछ की जा रही है ताकि और भी रिकवरी हो सके।