उधमपुर में प्रदर्शन करते अमरनाथ यात्री
- फोटो : Amar Ujala
श्रीनगर में हिंसा के कारण अमरनाथ यात्रा रोके जाने का फायदा एयरलाइंस कंपनियां और ट्रेवल एजेंसियां उठा रही हैं। अमरनाथ यात्रियों की मजबूरी को देखते हुए उनसे मनमाना पैसा वसूला जा रहा है।
रोहतक के पूर्व पार्षद सूरजमल किलोई और दिल्ली में व्यापार करने वाले संजय सिंगला ने बताया कि श्रीनगर के ऊपरी छोर से नीचे तक आने के लिए महज 30 किमी की दूरी के लिए यात्रियों से पांच हजार रुपये तक वसूले जा रहे हैं। इसी तरह फ्लाइट के रेट छह हजार से बढ़ाकर 20 हजार रुपये से ज्यादा तक कर दिये गए हैं। उन्होंने बताया कि श्रीनगर में सबसे ज्यादा हरियाणा, यूपी और दिल्ली के श्रद्धालु फंसे हैं। हालांकि, यात्रियों की सुरक्षा में सेना पूरी तरह से मुस्तैद है।
रोहतक नगर निगम के पूर्व पार्षद सूरजमल किलोई और दिल्ली में व्यापार करने वाले संजय सिंगला दोनों शुक्रवार को अमरनाथ यात्रा के लिए दिल्ली से फ्लाइट से गये थे। वह श्रीनगर में हिंसा होने के कारण फंसे हैं। हालात खराब होने के कारण सेना ने उन्हें पहले सोन मार्ग में रोका था। लेकिन यहां से यह लोग ट्रेवल एजेंसी से गाड़ी लेकर किसी तरह खेम चौक पर एक होटल में पहुंच गये। यहां पर यह दो दिन से ठहरे हैं। सूरजमल किलोई ने बताया कि सेना ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं, लेकिन हालात काफी खराब हैं।
हर कोई दहशत में समय बिता रहा है। अधिकतर लोग फ्लाइट से लौटना चाहते हैं। इसी कारण हवाई अड्डे पर काफी संख्या में लोग ठहरे हैं, लेकिन अगले कई दिनों तक टिकट मिलने की उम्मीद नहीं है। यात्रियों की संख्या को देखते हुए एयरलाइंस कंपनियों ने श्रीनगर से दिल्ली के लिए टिकट के रेट कई गुणा बढ़ा दिए हैं। इसी तरह श्रीनगर में ट्रेवल एजेंसियां श्रद्धालुओं से मनमाना पैसा वसूल रही हैं। उन्होंने बताया कि हर कोई दहशत में समय गुजार रहा है, लेकिन वापसी का रास्ता नहीं दिख रहा है। हालांकि, पहले के मुकाबले हालात सुधर रहे हैं।