2 जुलाई से 18 अगस्त तक चलने वाली वार्षिक श्री अमरनाथ यात्रा के दौरान देश भर से 82 कमेटियां भंडारे की सेवा करेंगी। इसके लिए तैयारी शुरू हो गई है। पिछले दिनों चंडीगढ़ में आयोजित श्री अमरनाथ बर्फानी लंगर आर्गनाइजेशन (सबलो) के बैनर तले पंजीकरण प्रक्रिया शुरू हुई थी।
पंजीकरण प्रभारी विजय मेहरा ने बताया कि इस बार उत्तरी भारत के विभिन्न स्थानों से कुल 82 भंडारा कमेटियों ने भंडारा, मेडिकल कैंप, शू रैक प्रणाली, क्लाक रूम और पब्लिक अनाउंसमेंट सिस्टम सार्वजनिक घोषणा प्रणाली के लिये अपना पंजीकरण करवाया है।
चरण दास गाबा की अगुवाई में सबलो के एक प्रतिनिधि मंडल ने जम्मू स्थित श्री अमरनाथ श्राइन बोर्ड में अधिकारियों से बैठक कर समूचे भंडारा कमेटियों का पंजीकरण श्राइन बोर्ड के डिप्टी सीईओ पंकज कुमार को जमा कराया। उन्होंने भरोसा दिलाया कि भंडारा प्रबंधन में बोर्ड सबलो का हर संभव साथ देगा।
यात्रा के दौरान भंडारा प्रबंधन को सुचारु रूप से आयोजित करने के लिये वर्ष 2005 में सबलो का गठन किया गया था, जिसमें समूचे उत्तर भारत सहित गुजरात, राजस्थान, उत्तर प्रदेश के करीब 100 संगठन सदस्य ह्रैं।
हर साल सबलो द्वारा मान्यता प्राप्त भंडारा कमेटियां शेषनाग, बालटाल, दुमेल, गुफा, पंचतरणी, बराडी मार्ग, संगम, केलनार, पोशपत्थरी, जोजीपाल, पिस्सूटाप, नागाकोटि, चंदन बाड़ी, नोनवान में भंडारा आयोजित करती है।