चंडीगढ़। बठिंडा के जाने माने व्यवसायी अमरजीत सिंह पंजाब क्रिकेट एसोसिएशन (पीसीए) के नए अध्यक्ष चुन लिए गए। शनिवार को आईएस बिंद्रा स्टेडियम मोहाली में हुई एसोसिएशन की विशेष आम सभा बैठक और चुनाव में उन्हें सर्वसमिति से अध्यक्ष चुना गया। अध्यक्ष पद कुछ समय से खाली पड़ा था। पिछले ही दिनों अमरजीत सिंह ने अध्यक्ष पद के लिए नामांकनपत्र भरा था। वहीं, प्रीत मोहिंदर सिंह बंगा को उपाध्यक्ष और सुनील गुप्ता को कोषाध्यक्ष चुना गया। दोनों पदों पर चुनाव सर्वसमिति से हुआ। निर्वाचन अधिकारी धर्मवीर सिंह और सचिव दिलशेर खन्ना ने नामों का एलान किया। वहीं एपेक्स काउंसिल में हरसिमरन सिंह, विक्रांत गुप्ता और संजीत सिंह को चुना गया। नए अध्यक्ष और अन्य पदाधिकारियों के एलान के साथ पंजाब प्रीमियर लीग (पीपीएल) के आयोजन का भी एलान किया गया। इसके मॉडल की स्टडी के लिए सब कमेटी का गठन किया जाएगा जो इस आयोजन की दिशा में एपेक्स काउंसिल को विस्तृत रिपोर्ट सौंपेगी। वहीं, अध्यक्ष पद की कुर्सी संभालते हुए अमरजीत सिंह ने अपना विजन भी साझा किया। कहा कि पंजाब के प्रत्येक जिले का दौरा कर प्रतिक्रिया और सुझाव लेंगे। क्रिकेट के खेल में उच्च स्तर तक पहुंचने के लिए जिला स्तरपर खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करेंगे। उन्होंने कहा कि करीब तीन साल बाद पीसीए आईपीएल की मेजबानी करेगा और हमारा प्रयास होगा कि इसे सुपरहिट इवेंट बनाया जाए। उन्होंने आगे कहा कि आईपीएल के बाद हम पंजाब प्रीमियर लीग (पीपीएल) आयोजित करने की योजना बना रहे हैं।
मुल्लांपुर स्टेडियम का कार्य 31 अगस्त तक पूरा करने का प्रयास
नए प्रधान ने कहा कि पीसीए प्रबंधन का प्रयास होगा कि पीसीए न्यू स्टेडियम, मुल्लांपुर को आागमी 31 अगस्त तक पूरा कर लिया जाए जिससे आगामी वर्ल्ड कप के कुछ मुकाबलों को इस स्टेडियम में कराया जा सके। इस स्टेडियम के पूरा होने के बाद हम अपने कार्यकाल के दौरान पंजाब के एक अलग शहर में एक नया स्टेडियम बनाने की योजना बनाएंगे।
वर्ल्ड कप खेलने वाली महिला खिलाड़ियों को दिए पांच-पांच लाख रुपये
इस मौके पर वर्ल्ड कप में भाग लेने वाली पंजाब की महिला खिलाड़ियों को पांच-पांच लाख रुपये का चेक भी दिया गया। साथ ही अंडर-16 क्रिकेट टीम के मर्चेंट ट्राफी के खिलाड़ियों को भी सम्मानित किया गया। इसमें 11 क्रिकेट खिलाड़ियों को 1-1 लाख रुपये तथा 5 क्रिकेट खिलाड़ियों को 50-50 हजार रुपए देकर सम्मानित किया गया। वहीं हैंड कोच रवनीत सिंह को 5 लाख रुपये, सहायक कोच राजिंन्द्र पाल सिंह को 2 लाख रुपये, फिजियो रामबाबू को 1 लाख रुपये तथा ट्रेनर लवीश चौधरी को डेढ़ लाख रुपये का कैश अवार्ड देकर सम्मानित किया गया।