राष्ट्रीय स्वैच्छिक रक्तदान दिवस पर अमर उजाला फाउंडेशन व श्री शिव कांवड़ महासंघ चैरिटेबल ट्रस्ट की ओर से वीरवार को सेक्टर-17 ब्रिज मार्केट व नीलम थिएटर के पास रक्तदान शिविर लगाया गया। इस दौरान 108 लोगों ने पंजीकरण कराया, जिनमें से 91 लोग ही रक्तदान कर सके। कैंप का उद्घाटन पीयू के पूर्व वाइस चांसलर डा. आरसी सोबती, पीजीआई ब्लड बैंक के एचओडी आरआर शर्मा व ब्लड बैंक के एसोसिएट प्रोफेसर डा. सुचेत सहदेव ने किया।
श्री शिव कांवड़ महासंघ के प्रधान राकेश संगर ने बताया कि कोरोना महामारी में इतने रक्तदानियों का आना इस बात की गवाही है कि शहरवासियों में रक्तदान करने का एक अलग ही जज्बा है। रक्तदान के लिए कोई पंचकूला के गांव से आया था तो कोई बलटाना से। इस समय कालेज, छात्रावास व शिक्षण संस्थान सब बंद चल रहे हैं। इन संस्थानों के बंद होने से जो युवा रक्तदान के लिए आते थे, वह अपने घर पर हैं।
यही कारण है कि अस्पतालों में रक्त की बेहद कमी है और दानी भी नहीं आ रहे हैं। कैंप में कोविड 19 से बचाव के लिए सामाजिक दूरी व सैनिटाइजेशन का विशेष ध्यान रखा गया। हर रक्तदान के बाद कुर्सियों व मेज को सैनिटाइज किया गया। कैंप में लेदर डेन सेक्टर-17 चंडीगढ़, महामाई मनसा देवी चैरिटेबल भंडारा कमेटी, एचडीएफसी, आईएसबीटीआई संस्थाओं का सहयोग रहा।