मूसलाधार बारिश के बीच अपनी सफलता के लिए सम्मानित हुए पंजाब के 10वीं और 12वीं के टॉपर्स व मोहाली के मेरिट होल्डर्स के चेहरे खिल उठे। कोई भावुक था तो किसी की आंखों में खुशी के आंसू थे। तालियों की गड़गड़ाहट के बीच टीचर्स व पेरेंट्स का उत्साह देखते ही बनता था। यह नजारा अमर उजाला के भविष्य ज्योति सम्मान समारोह का था, जिसका आयोजन शुक्रवार को फेज-1 के शास्त्री मॉडल स्कूल में हुआ।
पंजाब स्कूल एजुकेशन बोर्ड (पीएसईबी) के चेयरमैन मनोहर कांत कलोहिया ने समारोह में बतौर चीफ गेस्ट शिरकत की, जबकि विशेष तौर पर आर्यन ग्रुप ऑफ कॉलेज के डायरेक्टर प्रो. बीएस सिद्धू शामिल हुए। बोर्ड चेयरमैन के हाथों मेडल व सर्टिफिकेट हासिल कर स्टूडेंट्स का उत्साह दोगुना हो गया। स्टूडेंट्स के चेहरों पर सम्मान हासिल करने की खुशी झलक रही थी। वहीं अपने बच्चों को सम्मानित होते देख परिजन व टीचर्स भी भावुक हो उठे।