चंडीगढ़। पीजीआई में गंभीर हालत में लाए गए दो बच्चों को पीजीआई ने जीवनदान दिया। बच्चों के परिजनों ने डॉक्टरों का शुक्रिया अदा किया वहीं पीजीआई के निदेशक प्रो. जगतराम ने इलाज करने वाली डॉक्टरों की टीम को बधाई दी है।
पहला मामला पानीपत से जुड़ा है। एक डेढ़ साल के निहाल की सांस की नली में बादाम का टुकड़ा फंस गया। उसे सांस लेने में तकलीफ होने लगी। घबराए हुए परिजन ने पहले तो पानीपत में ही बाल रोग चिकित्सक से 3 दिन तक उसका इलाज कराते रहे। चौथे दिन उसे शाम 7.30 बजे पीजीआई में लेकर पहुंचे। डॉक्टरों ने बच्चे की कोविड-जांच कराई। इसके बाद ब्रोंकोस्कॉपी थैरेपी के जरिए 20 मिनट के अंदर बच्चे की सांस की नली में फंसे बादाम के टुकड़े को बाहर निकाल दिया। एनेस्थीसिया दिए जाने के कारण उसे 3 दिन तक पीजीआई में रखा गया। बाल चिकित्सा विभाग के डॉ. नितिन जे पीटरसन, डॉ. मानसा रेड्डी, डॉ. अमित राय की टीम ने इस काम को सफलतापूर्वक अंजाम दिया। एनेस्थीसिया विभाग के डॉक्टर अनुदीप जाफरा और उनकी टीम का भी सहयोग रहा।
पिता बोले-डॉक्टरों की बदौलत बच्चा हमारे साथ
बच्चे के पिता लवीश जुनेजा का कहना है कि आमतौर पर खेल खेल में बच्चे ऐसी चीजें नाक या गले में फंसा लेते हैं। इलाज के दौरान डॉक्टर जिस तकनीक के बारे में बताते हैं, उसमें जान जाने का जोखिम रहता है। उस दौरान अभिभावकों को समझदारी से काम लेना चाहिए। हमने बिना देरी किए इलाज के लिए हामी भरी। इसलिए आज डॉक्टरों की बदौलत हमारा बच्चा हमारे साथ है।
चार साल के बच्चे ने धातु का पेच निगला
दूसरा मामला चार साल के एक बच्चे का है। अंबाला निवासी बच्चे ने घर में खेलते हुए धातु का पेच उठाकर निगल लिया। उस दौरान उसकी मां ने उसे देख लिया था। उसे पीजीआई लाया गया। डॉक्टरों ने परिजनों की मंजूरी मिलते ही सफल थेरैपी कर उसकी जान बचा ली। इस बच्चे की भी पीजीआई से छुट्टी कर दी गई है। ये दोनों मामले पांच दिन के भीतर के हैं। डॉ नितिन जी पीटरसन ने ब्रोंकोस्कॉपी का उपयोग करते हुए उसका भी सफल इलाज किया।
हर साल आते हैं ऐसे 100 से ज्यादा केस
पीजीआई निदेशक प्रो जगतराम ने बाल रोग सर्जन और एनेस्थिसिया की टीम को बधाई देने के साथ ही उन बच्चों के माता-पिता के निर्णय की भी सराहना की है। उनका कहना है कि कई बार ऐसे मामले में माता-पिता इलाज के बारे में निर्णय लेने में देर लगा देते हैं, जिससे स्थिति बिगड़ जाती है। प्रो. जगतराम ने अभिभावकों को अपने बच्चों से ऐसी चीजों को दूर रखने की सलाह दी है, जो उनके लिए घातक सिद्ध हो सकते हैं । पीजीआई बाल चिकित्सा विभाग में हर साल ऐसे लगभग 120 मामले आते हैं, जिसमें पंजाब, हरियाणा, उतर प्रदेश, जम्मू और कश्मीर, उत्तरी राजस्थान के मरीज शामिल होते हैं।
डॉक्टरों ने ऐसे किया इलाज
पीजीआई एडवांस पीडियाट्रिक सेंटर के पीडियाट्रिक सर्जरी विभाग के प्रमुख डॉ राम समझ ने बताया कि इस तरह की समस्या होने पर ब्रोंकोस्कॉपी के जरिए इलाज किया जाता है। इस दौरान बच्चे को एनेस्थीसिया दिया जाता है। इसके बाद ब्रोंकोस्कॉपी नामक उपकरण को बच्चे की सांस की नली में डालकर डायग्नोसिस के साथ-साथ फंसी हुई वस्तु को बाहर निकाला जाता है। इस दौरान सांस की नली में यह उपकरण डालने से फेफड़े के एक हिस्से में ऑक्सीजन का प्रवाह रुक जाता है, लेकिन दूसरे हिस्से में संचार पूर्ववत जारी रहता है। इसके कारण सांस बंद नहीं होती। लेकिन छोटे बच्चों में इस तकनीक के प्रयोग के दौरान जान जाने का खतरा भी रहता है। इसलिए थैरेपी देने से पहले जब परिजनों को इसके बारे में बताया जाता है तो वह डर जाते हैं और डॉक्टरों को अनुमति नहीं देते।
सर्जरी कर निकाला गया पेच।- फोटो : CHANDIGARH