पंजाब के विधायक खरीदने के आरोपों पर हरियाणा में सियासत गरमा गई है। आप ने कहा कि हरियाणा का पैसा विधायक खरीद पर खर्च हो रहा है। वहीं, पूर्व सीएम कांग्रेस नेता भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि क्या सीएम सैनी डेपुटेशन पर चले गए हैं। सीएम सैनी ने भी आरोपों पर पलटवार किया है।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी पर पंजाब की आप विधायक को टिकट ऑफर किए जाने के आरोपों पर हरियाणा में सियासत गरमा गई है। कांग्रेस, आम आदमी पार्टी (आप) व इनेलो ने सीएम सैनी के पंजाब दौरों को लेकर निशाना साधा है। वहीं सीएम सैनी ने भी विपक्ष पर पलटवार किया है।
विज्ञापन
आप के राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी अनुराग ढांडा ने आरोप लगाया कि हरियाणा की जनता के खून-पसीने की कमाई का पैसा पंजाब में विधायक खरीदने की कोशिशों में लगाया जा रहा है। यह लोकतंत्र पर सीधा हमला है।
ढांडा ने कहा कि हरियाणा आज बेरोजगारी, बदहाल कानून व्यवस्था, टूटी सड़कों, नशे के फैलते जाल और खिलाड़ियों की अनदेखी जैसी गंभीर समस्याओं से जूझ रहा है। सैनी को इन समस्याओं की कोई चिंता नहीं है। वे जनता की सेवा छोड़ राजनीतिक साजिशों में व्यस्त हैं। यदि हरियाणा सरकार के पास इतना पैसा और ऊर्जा है तो उसे अपने प्रदेश की व्यवस्था सुधारने में लगाना चाहिए न कि विधायक तोड़ने में।
विज्ञापन
Trending Videos
'पंजाब ने हरियाणा का पानी रोक रखा है'
कांग्रेस नेता व पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने पूछा कि क्या हरियाणा के सीएम डेपुटेशन पर पंजाब चले गए हैं? एक निजी चैनल से बातचीत में हुड्डा ने कहा कि मुख्यमंत्री बार बार पंजाब के दौरे पर जा रहे हैं। वे हरियाणा में कुछ नहीं कर पा रहे हैं जबकि पंजाब ने हरियाणा का पानी रोक रखा है। न तो वे युवाओं को नौकरी दे रहे हैं और न ही बुजुर्गों को पेंशन।
'भाजपा दूसरी पार्टी के नेताओं को तोड़ने के लिए ऐसे ऑपरेशन चलाती रहती है'
इनेलो ने भी सीएम सैनी पर आरोप लगाए हैं। इनेलो के संसदीय बोर्ड के सदस्य महेंद्र सिंह मलिक ने कहा कि भाजपा दूसरी पार्टी के नेताओं को तोड़ने के लिए ऐसे ऑपरेशन चलाती रहती है। पंजाब में जल्द चुनाव होने वाले हैं ऐसे में यह चुनावी मुद्दे चलते रहेंगे लेकिन बेहतर होगा कि सैनी पहले हरियाणा का ख्याल करें।
पंजाब हमारा घर, बुलाने पर जरूर जाते हैं: सैनी
ऑपरेशन लोटस के आप के आरोपों को सीएम सैनी ने एक बार फिर नकारा है। नई दिल्ली में प्रेसवार्ता में कहा कि आप विधायक की ओर से लगाए गए आरोप मनगढ़ंत है। पंजाब हमारा घर है। पंजाब में उन्हें कोई बुलाता है तो वहां जरूर जाते हैं।
बंद कमरे में बैठक और टिकट ऑफर करने के लगाए थे आरोप
संगरूर की विधायक नरिंदर कौर भराज ने शुक्रवार को कहा था कि सैनी ने उन्हें 2027 का विधानसभा चुनाव संगरूर सीट से भाजपा के टिकट पर लड़ने का ऑफर दिया। भरान ने आरोप लगाया कि सैनी ने उन्हें बंद कमरे में बैठक की पेशकश की थी। बकौल भराज, उन्हें कहा गया था कि वह जो भी मांग रखेंगी, उसे पूरा किया जाएगा।