मेयर की पार्टी में पहुंचे थे चार कांग्रेसी पार्षद
मेयर कुलदीप कुमार का कार्यकाल अब खत्म होने वाला है। सभी पार्षदों और अधिकारियों का धन्यवाद करने के लिए उन्होंने शुक्रवार को नगर निगम में ही एक टी पार्टी रखी थी। इसमें सभी पार्टियों के पार्षदों को बुलाया गया था। हालांकि कई गैरहाजिर रहे।
कांग्रेस के चार पार्षद तरुणा मेहता, जसबीर बंटी, निर्मला देवी और दर्शना पहुंची थीं लेकिन वहां पहुंचने के थोड़ी देर बाद ही उन्हें पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष का फोन आ गया और उन्हें वापस बुला लिया। इस बीच आप के भी सभी पार्षद नहीं पहुंचे थे जिससे पार्टी के अंदर खलबली मची हुई है। आप के अंदर के पार्षद हाल ही में गठित कार्यकारिणी में अपने पद को लेकर नाराज चल रहे हैं। कुछ की नाराजगी जगजाहिर भी है और पार्टी के नए प्रधान भी डैमेज कंट्रोल करने के लिए घर जाकर उन्हें मनाने की कोशिश कर रहे हैं।
वहीं, कांग्रेस नेता दिल्ली में हो रहे घमासान, मेयर कुलदीप कुमार के कार्यकाल के दौरान रुके कार्य और आप की तरफ से गठबंधन को लेकर बरती जा रही ढिलाई से खफा नजर आ रहे हैं। मेयर चुनाव के लिए पार्षदों की जोड़-तोड़ भी शुरू हो गई है लेकिन आप और कांग्रेस की अब तक एक औपचारिक बैठक भी नहीं हुई है।