हिमाचल के सीएम वीरभद्र सिंह के भतीजे की हत्या
- फोटो : अमर उजाला
बीएमडब्ल्यू कार से हिमाचल के मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के भतीजे को रौंदकर फरार हुए दोनों आरोपी वारदात के तीन दिन बाद भी पुलिस गिरफ्त से बाहर हैं। पुलिस अब उनके सरेंडर करने की आस में बैठी हुई है। पुलिस को उम्मीद है कि मुख्य आरोपी बलराज सिंह रंधावा सोमवार को अदालत में सरेंडर कर देगा। इसके बाद उसको रिमांड पर लेकर पुलिस दूसरे आरोपी तक पहुंचने का प्लान बना रही है।
पुलिस आरोपियों के परिजनों पर दबाव बनाने की रणनीति पर काम कर रही है। परिजनों पर दबाव बना कर पुलिस आरोपियों से सरेंडर करवाना चाहती है। हालांकि पुलिस की पांच टीमें आरोपी फरीद की तलाश में दक्षिण भारत गई हुई है। लेकिन पुलिस को अब तक कहीं से कोई कामयाबी हाथ नहीं लगी है। पुलिस वारदात में इस्तेमाल बीएमडब्ल्यू कार भी बरामद नहीं कर पाई है। रविवार को चर्चा थी कि सोहाना के पास से कार बरामद हो गई है। लेकिन किसी अधिकारी ने इसकी पुष्टि नहीं की।
बैंक डिटेल खंगालेगी पुलिस
पुलिस सोमवार को आरोपियों केबैंक खातों की डिटेल्स लेगी। पुलिस का मानना है कि वारदात के बाद से अब तक आरोपियों जरूर एटीएम या बैंक से पैसे निकाले होंगे। बैंक अधिकारियों से उनके पैसे निकालने की लोकेशन हासिल की जाएगी।