कोर्ट से बाहर आते अकाली नेता दियाल सिंह कौलीयांवाली
आय से अधिक संपत्ति के मामले में जमानत याचिका रद होने के बाद आखिर शुक्रवार को बादलों के करीब सीनियर अकाली नेता दियाल सिंह कौलीयांवाली ने जिला अदालत में सरेंडर कर दिया। अदालत ने आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया। वहीं, विजिलेंस अब आरोपी का प्रोडक्शन वारंट पर लाने की तैयारी में है। इसके लिए जल्दी ही एक एप्लीकेशन मोहाली की अदालत में दायर की जाएगी। क्योंकि जिस समय आरोपी ने सरेंडर किया, उस समय विजिलेंस के पास रिमांड लेने के लिए समय का अभाव था।
जानकारी के मुताबिक दियाल सिंह कौलीयांवाली केस दर्ज होने के करीब पांच महीन से विजिलेंस के साथ ही आंख मिचौली की गेम कर रहे थे। गिरफ्तारी से बचने के लिए आरोपी ने सुप्रीम कोर्ट में अग्रिम जमानत याचिका दायर की थी, लेकिन अदालत ने आरोपी को राहत देने से साफ मना कर दिया था। इसके बाद उन्होंने मोहाली जिला अदालत में एक एप्लीकेशन लगाई थी, लेकिन अदालत ने अर्जी को रद कर दिया था।