पंजाब के डीजीपी दिनकर गुप्ता के करतारपुर कॉरिडोर पर दिए विवादित बयान पर श्री अकाल तख्त के जत्थेदार ज्ञानी हरप्रीत सिंह ने तंज कसा। उन्होंने कहा कि वे पांच दिन पाकिस्तान में रहे और गुरुद्वारा करतारपुर साहिब के दर्शन किए, लेकिन वे आतंकी बनकर तो नहीं लौटे। उन्होंने कहा कि डीजीपी को नैतिकता के आधार पर अपने पद से इस्तीफा दे देना चाहिए।
गुरुद्वारा करतारपुर साहिब में दर्शनों के लिए विश्व भर से आए सिखों ने जब डीजीपी का यह बयान सुना था तो उनकी आंखें नम हो गई थीं। कई सिखों ने उनको इस बारे में शिकायत भी की। पाकिस्तान के पांच दिन के दौरे के बाद मंगलवार को वतन लौटने पर अटारी सड़क सीमा पर पत्रकारों से बातचीत में ज्ञानी हरप्रीत ने दावा किया कि पाकिस्तान में बसे अल्पसंख्यक, विशेषकर सिख खुश हैं।
वे अपने दौरे के दौरान जितने भी सिख परिवारों से मिले, सभी ने कहा कि उन्हें यहां बड़ा सम्मान मिलता है। उन्होंने कहा कि दौरे के दौरान वहां की सरकार ने उनके साथ अच्छा व्यवहार किया।