पंजाब से बड़ी खबर आ रही है। यहां फिरोजपुर में बीएसएफ ने एक संदिग्ध युवक को पकड़ा है, जिससे मिले मोबाइल फोन में पाकिस्तानी नंबर मिले हैं। बीएसएफ ने वीरवार की शाम बीओपी मब्बोके पास से एक संदिग्ध व्यक्ति को पकड़ा है। पकड़े गए व्यक्ति से बरामद मोबाइल में पाकिस्तानी नंबर मिले है।
बीएसएफ ने पूछताछ के बाद आरोपी को थाना ममदोट पुलिस के हवाले कर दिया है। ममदोट थाना प्रभारी परमजीत सिंह ने बताया कि आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर अदालत में पेश कर रिमांड हासिल की जाएगी। बीओपी मब्बोके पर तैनात बीएसएफ की 29 बटालियन के जवानों ने शाम चार बजे व्यक्ति को संदिग्ध परिस्थितियों में पकड़ा।
बीएसएफ जवानों ने उक्त व्यक्ति को पकड़कर अपने वरिष्ठ अधिकारियों के समक्ष पेश किया। तलाशी के दौरान जवानों को उक्त व्यक्ति के पास एक मोबाइल फोन मिला, फोन में जीएसटी ग्रुप के नाम से बने ग्रुप में आठ पाकिस्तानियों के मोबाइल नंबर मिले, इसके अलावा पंजाब के ग्रुप में छह पाकिस्तानी मोबाइल नंबर और इस्लामिक ग्रुप में एक पाकिस्तानी नंबर मिला है।
बताया जा रहा कि युवक सरहदी गांवों शाल, बेडसीट बेचने का काम करता था। इस मामले में थाना ममदोट पुलिस ने बताया कि बीएसएफ द्वारा उन्हें युवक को सौंपा गया है। उसे अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड हासिल की जाएगी। पुलिस रिमांड के दौरान मोबाइल में पाकिस्तानी नंबरों के होने के बारे में व सरहदी गांव में उसकी उपस्थित के बारे में जांच-पड़ताल होगी।