लोगों से मुलाकात करते हुए सीएम अमरिंदर सिंह
उन्होंने सीमावर्ती गांवों के लोगों से मिलकर उनका हौसला बढ़ाया। मुख्यमंत्री ने सीमावर्ती क्षेत्र के निवासियों को विश्वास दिलाया कि पंजाब सरकार उनकी रक्षा के लिए वचनबद्ध है और पाकिस्तान के साथ चलते तनाव के बीच सरकार हर तरह की स्थिति से निपटने में सक्षम है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि भारतीय फौज दुश्मन देश के हर हमले का जवाब देने के काबिल है। सीमावर्ती क्षेत्र में तनाव का माहौल होने के बावजूद सीमा क्षेत्र में डटे सैन्य कर्मियों को पंजाब सरकार की तरफ से हर तरह की सहायता दी जाएगी। उन्होंने बीएसएफ को उनकी ऊर्जा शक्ति के लिए विशेष रूप से बधाई दी।
मुख्यमंत्री ने डिफेंस लाइन पर मिलिट्री की तरफ से लगाई गई विशेष दूरबीन के माध्यम से भारत-पाकिस्तान सीमा का निरीक्षण किया और हालात की जानकारी ली। सीएम ने कहा कि स्थिति नियंत्रण में है। सशस्त्र एवं अर्द्धसैनिक बल, पुलिस और जिला प्रशासन के साथ मिलकर कड़ाई से अफवाहों से निपट रहे हैं। उन्होंने कहा कि देश में जब भी कोई मुसीबत का समय आता है तो बॉर्डर के लोग डटकर सेना का साथ देते हैं। उन्होंने लोगों को अफवाहों से सावधान रहने की अपील की।
मुख्यमंत्री ने पाकिस्तान द्वारा विंग कमांडर अभिनंदन को रिहा करने की घोषणा का स्वागत किया है। उन्होंने कहा कि मैं इससे बेहद खुश हूं और यह सद्भाव की ओर बड़ा कदम हो सकता है। इस मौके पर मुख्यमंत्री के साथ खेमकरण के विधायक सुखपाल सिंह भुल्लर और पट्टी के विधायक हरमिंदर सिंह गिल उपस्थित थे।