दुश्मनों के दांत खट्टे करने के लिए एक खास युद्ध नीति के तहत भारतीय सेना और वायुसेना की घातक फॉरमेशन बेहद कारगर साबित होगी। इस फॉरमेशन के तहत सेना की टैंक रेजीमेंट के साथ एयरफोर्स के लड़ाकू हैलीकाप्टर की जुगलबंदी दुश्मन पर भारी पड़ेंगी। इसी के चलते युद्ध के दौरान जमीन ही नहीं, आसमान से भी दुश्मन पर आफत बरसेगी।
सेना और वायुसेना ने इस फॉरमेशन के तहत जमकर प्रयास भी किया है। इससे दुश्मन के खिलाफ सैन्य ऑपरेशंस को भी और धार मिलेगी। दरअसल, हरियाणा और पंजाब के दुर्गम इलाके में वेस्टर्न कमांड के अधीनस्थ अंबाला आर्मी बेस कैंप की सबसे घातक खड्गा टू कोर ने एयरफोर्स के साथ वॉर एक्सरसाइज की है।
इस एक्सरसाइज में सेना में शामिल नए हथियारों और उपकरणों की दक्षता का परीक्षण भी किया गया है। जिसमें युद्ध के दौरान दुश्मन के खिलाफ कई तरह की नई रणनीतियां बनाकर सेना और वायुसेना ने मिलकर काम किया। युद्ध जैसा माहौल बनाकर कर दोनों सेनाओं ने कई ऑपरेशंस को अंजाम दिया।
मौजूदा हालात और खतरों को देखते हुए दोनों सेनाओं ने इस युद्ध अभ्यास के दौरान अपनी पूरी ताकत का प्रदर्शन किया है।