चंडीगढ़। सर्दी बढ़ने के साथ शहर में प्रदूषण का स्तर भी बढ़ रहा है। पिछले कई दिनों की तरह वीरवार को भी शहर की आबोहवा खराब रही। सेक्टर-53 के एयर क्वालिटी मॉनिटरिंग स्टेशन पर सुबह नौ बजे एक्यूआई 330 और शाम को 333 के करीब दर्ज किया गया। इसके अनुसार इलाके की हवा बेहद खराब है और यह सांस के मरीजों के लिए खतरनाक है।
शहर के बाकी इलाकों में भी एक्यूआई 300 से नीचे नहीं आ रहा है। ये सांस के मरीजों के लिए खतरनाक है। प्रदूषण के बढ़ते स्तर के चलते ही स्वास्थ्य विभाग को भी पिछले महीने लोगों के लिए एडवाइजरी जारी करनी पड़ी थी और और लोगों को बाहर सुबह व देर शाम सैर न करने की भी सलाह दी गई थी। वीरवार को सेक्टर-22 के मॉनिटरिंग स्टेशन पर भी एक्यूआई अधिकतम 318 के करीब दर्ज किया गया। सेक्टर-25 के आसपास के एरिया में प्रदूषण के स्तर में थोड़ी कमी है, जबकि बाकी सभी एरिया में इसका स्तर लगातार बढ़ रहा है। नवंबर माह में एक्यूआई ज्यादातर दिन खराब कैटेगरी में था, जबकि दिसंबर महीने में तो यह बेहद खराब कैटेगरी में ही चला गया है। इस बार दिवाली पर भी शहर में आम दिनों के मुकाबले सबसे अधिक एक्यूआई दर्ज किया गया और यहां तक कि उसने पिछले चार साल का रिकॉर्ड तोड़ दिया था। बता दें कि शून्य और 50 के बीच एक एक्यूआई को ''अच्छा'', 51 और 100 के बीच ''संतोषजनक'', 101 और 200 के बीच ''मध्यम'', 201 और 300 के बीच ''खराब'', 301 और 400 के बीच ''बहुत खराब'' और 401 और 500 के बीच ''गंभीर'' माना जाता है। 500 से ऊपर कुछ भी ''गंभीर प्लस'' में माना जाता है।