हवाई जहाज से श्रीनगर जाने की सोच रहे हैं तो आपको थोड़ा मुश्किल हो सकती है। इसके पीछे दो बड़ी वजहें बताई जा रही है। एक तो बर्फबारी और दूसरा इसके कारण बढ़ा किराया। कश्मीर में बर्फबारी ने विमानन कंपनियों की चांदी कर दी है, वहीं लोगों के लिए परेशानी खड़ी कर दी। पिछले दो दिन से कश्मीर जाने वालों की संख्या बढ़ी तो कंपनियों ने श्रीनगर का किराया दो गुना कर दिया।
इसके अलावा मौसम खराब होने के कारण श्रीनगर जाने वाली फ्लाइट कैंसिल कर दी गई। कश्मीर में पिछले दो दिन से बर्फबारी होने के कारण वहां जाने वाले विमान यात्रियों की संख्या में भार बढ़ोत्तरी हुई है। यात्रियों द्वारा विमानन कंपनियों को फोन कर फ्लाइट के बारे में जानकारी मांगी जा रही है। लेकिन मौसम खराब होने के कारण पिछले तीन दिन से श्रीनगर एयरपोर्ट पर विमानों की लैंडिंग नहीं हो पा रही है।
रविवार को इंटरनेशनल एयरपोर्ट से स्पाइस जेट और इंडिगो की श्रीनगर जाने वाली फ्लाइट कैंसिल कर दी गई। रविवार को श्रीनगर की फ्लाइट नहीं है। श्रीनगर की फ्लाइटों का सोमवार का टिकट बिक चुका है। वहीं विमानन कंपनियों ने अगामी 10 से 15 जनवरी के लिए श्रीनगर का किराया 4000 रूपये कर दिया है। यह टिकट आम दिनों में 1800 रुपये का मिलता है।
श्रीनगर के उस्मान ने बताया कि वह सोनीपत के इंजीनियरिंग कालेज में पढ़ता है। शनिवार को इंटरनेशनल एयरपोर्ट से घर जाने के लिए उसने फ्लाइट की बुकिंग कराई थी। फ्लाइट कैंसिल होने के बाद उसे सोमवार तक टिकट नहीं मिला। इस कारण उसे अब टैक्सी करके जाना पडे़गा। टैक्सी से किराया उसे छह हजार रुपये देना पड़ा है।