चंडीगढ़। देश के शीर्ष धावक विश्व एथलेटिक्स रिले में क्वालीफाई करने के लक्ष्य के साथ पूरी तरह तैयार हैं। स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स-7 में शनिवार को आयोजित होने वाली पहली इंटरनेशनल इनविटेशन रिले प्रतियोगिता में राष्ट्रीय टीमों के धावक अपनी पूरी ताकत झोंकेंगे।
यह प्रतियोगिता 2 और 3 मई को बोत्सवाना के गाबोरोन में होने वाले वर्ल्ड एथलेटिक्स रिले 2026 के लिए क्वालीफिकेशन की राह तैयार करेगी।चंडीगढ़ में प्रेस कांफ्रेंस के दौरान मुख्य राष्ट्रीय एथलेटिक्स कोच राधाकृष्णन नायर ने बताया कि इस अंतरराष्ट्रीय आमंत्रण प्रतियोगिता में भूटान, मालदीव, श्रीलंका और नेपाल की टीमें भी हिस्सा लेंगी। बोत्सवाना में होने वाली प्रतियोगिता में छह स्पर्धाएं होंगी जिसमें पुरुष और महिला 4x100 मीटर, पुरुष और महिला 4x400 मीटर तथा मिक्स्ड रिले (4x100 मीटर और 4x400 मीटर) शामिल हैं।
वर्ल्ड एथलेटिक्स के दिशा-निर्देशों के अनुसार क्वालीफिकेशन अवधि 1 जनवरी 2025 से शुरू होकर 5 अप्रैल 2026 तक चलेगी। रोड टू गाबोरोन वर्ल्ड रैंकिंग में शीर्ष 24 टीमें ही इस प्रतियोगिता में भाग ले सकेंगी।
कोच ने बताया कि महिला 4x100 मीटर रिले टीम 43.86 सेकंड (गुमी एशियन एथलेटिक्स चैंपियनशिप 2025) के प्रदर्शन के आधार पर वर्तमान में 23वीं रैंक के साथ क्वालीफिकेशन जोन में बनी हुई है। मिक्स्ड 4x400 मीटर रिले टीम भी 3:14.81 सेकंड (ग्वांगझू, चीन) के प्रदर्शन के साथ 22वीं रैंक पर है और बोत्सवाना में खेलने की मजबूत दावेदार है।
शनिवार को होने वाली प्रतियोगिता में ओलंपियन राजेश रमेश और 400 मीटर के राष्ट्रीय रिकॉर्ड धारी विशाल टीके (45.12 सेकंड) पुरुषों की 4x400 मीटर रिले टीम के अहम सदस्य होंगे। वर्ल्ड एथलेटिक्स 5 अप्रैल के बाद शीर्ष 24 टीमों की अंतिम सूची जारी करेगा। इसके लिए नेशनल ओपन रिले प्रतियोगिता का तीसरा संस्करण भी आयोजित किया जाएगा।
देश के शीर्ष स्प्रिंटर और 100 व 200 मीटर के राष्ट्रीय रिकॉर्डधारी अनीमेश कुजूर ने कहा कि टीम को अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन देना होगा। कोच नायर के अनुसार 38.50 सेकंड का समय टीम को क्वालीफिकेशन दिला सकता है।
उड़न परी के नाम से मशहूर पीटी उषा के रिकॉर्ड की बराबरी करने वाली विद्या ने कहा कि चंडीगढ़ में बना एथलैटिक्स ट्रैक फास्ट है। ऐसे में उम्मीद है कि रिजल्ट बेहतर आएगा। उन्होंने अपनी तैयारियों को लेकर बताया कि कॉमनवेल्थ गेम्स जुलाई तथा एशियन गेम्स सितंबर माह में खेले जाएंगे। इसके लिए सभी एथलीट अपनी तैयारी में लगे हुए है।