किसान-मजदूर संघर्ष कमेटी द्वारा कृषि कानूनों के विरुद्ध देवीदासपुर के रेल ट्रैक पर लगाया धरना मंगलवार को 13वें दिन भी जारी रहा। इस अवसर पर कमेटी के महासचिव सरवन सिंह पंधेर ने कहा कि जब तक केंद्र सरकार इन कानूनों को वापस नहीं लेती, तब तक किसान रेल ट्रैक पर धरना जारी रखेंगे।
उन्होंने सभी राजनीतिक पार्टियों से अपील की कि वह बड़े व्यापारिक घरानों के उत्पादों का बहिष्कार करने के लिए आगे आएं। किसानों ने स्पष्ट कर दिया है कि बड़े व्यापारिक घरानों के सभी मॉल और अन्य संस्थान प्रदेश में बंद करवा दिए जाएंगे।
पंधेर ने कहा कि मोदी सरकार किसानों की जमीन अंबानी-अडाणी व्यापारिक समूहों को देने के लिए इस प्रकार के काले कानून थोप रही है। किसानों को यह हरगिज स्वीकार नहीं है। मोदी सरकार को इस बात की जानकारी होनी चाहिए कि पंजाब में किसान के पास बहुत कम जमीन है। वह इस जमीन से अपने परिवार का पेट बहुत मुश्किल से पालता है।
किसान कर्ज में डूबा है, आत्महत्या कर रह है। यह काला कानून किसानों की आर्थिक हालत और खराब कर देगा। वहीं धरने पर बैठे किसानों ने रेलवे ट्रैक पर ही एक बड़ा मंच तैयार कर लिया है, जिस पर बैठ कर किसानों के समर्थन में आने वाले लोग किसानों को संबोधित कर रहे हैं।