चंडीगढ़। चंडीगढ़। ऊर्जा संरक्षण, ऊर्जा दक्षता और सतत परिवहन को बढ़ावा देने की दिशा में चंडीगढ़ प्रशासन ने अहम पहल की है। प्रशासन के इंजीनियरिंग विभाग के अंतर्गत ऊर्जा प्रबंधन प्रकोष्ठ/राज्य नामित एजेंसी (एसडीए) और परिवहन विभाग के अंतर्गत चंडीगढ़ ट्रांसपोर्ट अंडरटेकिंग (सीटीयू) के बीच एक समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए गए। यह पहल चंडीगढ़ को वर्ष 2030 तक कार्बन न्यूट्रल और वर्ष 2047 तक नेट-जीरो उत्सर्जन वाला शहर बनाने के लक्ष्य के अनुरूप है।
इस समझौते का उद्देश्य परिवहन क्षेत्र में ऊर्जा बचत, ईंधन दक्षता और पर्यावरण अनुकूल तकनीकों को बढ़ावा देना है। एमओयू पर परिवहन निदेशक अविकेश गुप्ता और ऊर्जा प्रबंधन प्रकोष्ठ/एसडीए चंडीगढ़ के प्रमुख पवन कुमार शर्मा ने हस्ताक्षर किए। इस अवसर पर चंडीगढ़ सिटी बस सर्विसेज सोसाइटी के मुख्य परिचालन प्रबंधक यशजीत गुप्ता भी मौजूद रहे।
समझौते के तहत दोनों विभाग संयुक्त रूप से कम प्रदूषण फैलाने वाली तकनीकों को अपनाने, ईंधन की खपत कम करने और स्वच्छ ऊर्जा आधारित परिवहन को बढ़ावा देने के लिए कार्य करेंगे। साथ ही जन-जागरूकता अभियान, प्रशिक्षण कार्यक्रम, कार्यशालाएं और आउटरीच गतिविधियां भी आयोजित की जाएंगी, ताकि लोगों को हरित गतिशीलता और जिम्मेदार ऊर्जा उपयोग के प्रति जागरूक किया जा सके।