डड्डूमाजरा डंपिंग ग्राउंड के बाद पास भारी जाम लगा रहा। दोनों तरफ से आने वाली गाड़ियों की संख्या काफी ज्यादा बढ़ गई। इस दौरान करीब 2 किलोमीटर तक लंबा जाम लग गया। इसके अलावा पंजाब यूनिवर्सिटी के पास भी जाम लगा रहा। यहां एक गाड़ी चालक हरप्रीत ने बताया कि आम दिनों में यह सफर 5 मिनट में तय होता है लेकिन बारिश की वजह से इसे पार करने में 15 मिनट से ज्यादा समय लग गया। इस दौरान सड़कों पर पानी भरा रहा। इसके अलावा विकास नगर से हल्लोमाजरा की सड़क पर भी भारी जाम रहा। धनास और मलोया इलाके में भी काफी जाम लगा रहा। एलांते मॉल के पास भी बारिश के दौरान जाम लग गया। साथ ही साथ हाउसिंग बोर्ड चौराहे से मध्य मार्ग होते हुए कलाग्राम को आने वाली सड़क पर भी काफी देर तक जाम रहा। यहां बारिश के साथ-साथ शाम के वक्त भी जाम से लोग परेशान रहे।
रेलवे स्टेशन के बाहर टूटी सड़कों पर पानी भरा
बारिश से रेलवे स्टेशन के बाहर टूटी सड़कों पर पानी भर गया। इसके अलावा मध्य मार्ग पर भी कई जगह पानी भर गया। हालांकि बारिश थमने के कुछ घंटे बाद ही यहां से पानी निकल गया। इसके अलावा सेक्टर-37 सी मार्केट में पानी भर गया था। यहां के कारोबारी अनुज कुमार सहगल ने बताया कि पहले भी बाजार में जलभराव होता रहा है। पूरी मार्केट में करीब एक फीट तक पानी भरा हुआ था। इस वजह से कारोबारियों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा। इसके अलावा सेक्टर-43 के कुछ इलाकों में जलभराव हो गया। पंजाब यूनिवर्सिटी के पास भी काफी पानी भरा रहा। यहां बाइक और स्कूटी सवार लोगों को गाड़ी निकालने में भी परेशानी हुई।
32.8 एमएम बारिश दर्ज की गई
दोपहर 12 बजे के बाद शहर के कई इलाकों में तेज बारिश हुई। करीब दो बजे तक शहर के अलग-अलग इलाकों में बारिश होती रही। मौसम विभाग के अनुसार पूरे दिन में करीब 32.8 एमएम बारिश दर्ज की गई। काफी लंबे समय के बाद चंडीगढ़ में 30 एमएम से अधिक बारिश हुई है। शहर का अधिकतम तापमान करीब 33 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया यह सामान्य से 1 डिग्री कम रहा। वहीं न्यूनतम तापमान 28.5 डिग्री सेल्यियस के बीच रहा। हालांकि इतनी बारिश होने के बाद इस मानसून अभी तक बारिश का आंकड़ा महज 5.2% तक पहुंच पाया है। एक जून से अभी तक 432.3 एमएम बारिश हुई है।
28 और 29 जुलाई को रहेगा यलो अलर्ट
मौसम विभाग ने इस दौरान 28 और 29 जुलाई के लिए बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है। अगले पांच दिनों तक शहर का अधिकतम तापमान 32 से 35 डिग्री और न्यूनतम तापमान 26 से 27 डिग्री के बीच रहने की उम्मीद जताई है।