ओलंपिक पदक विजेता महिला पहलवान साक्षी मलिक के बाद अब एक शहीद के परिवार ने सरकार को कठघरे में खड़ा करते हुए अपना दर्द बयां किया। शहीद के परिवार ने सरकार पर बीएसएफ के जवान राय सिंह की शहादत के तीन माह बाद भी घोषणाओं पर अमल नहीं करने का आरोप लगाया है। शहीद की पत्नी सुनीता का कहना है कि लोगों से पैसे उधार लेकर परिवार का गुजारा करना पड़ रहा है।
सरकार की तरफ से पेंशन भी शुरू नहीं की गई है। परिवार ने सरकार से अपना वादा पूरा करने की गुहार लगाई है। एक दिन पहले पहलवान साक्षी मालिक ने ओलंपिक में पदक जीतने के बाद सरकार की ओर से की गई घोषणाओं पर अमल नहीं करने का आरोप ट्वीट करके लगाया था। बता दें कि 21 नवंबर 2016 को जम्मू-कश्मीर के राजौरी सेक्टर में पाकिस्तान की ओर से सीजफायर के उल्लंघन में सांपला निवासी बीएसएफ जवान राय सिंह शहीद हो गये थे।
उनके परिवार में शहीद की मां चंद्रो देवी, पत्नी सुनीता, तीन बेटे हितेश, कर्मबीर और पारस हैं। 22 नवंबर को शहीद का राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया था। इस दौरान प्रदेश सरकार के मंत्री कृष्णलाल पंवार और सहकारिता मंत्री मनीष ग्रोवर श्रद्धांजलि देने पहुंचे थे। मंत्री ने घोषणा की थी राय सिंह के परिवार को सरकार की ओर से 50 लाख रुपये दिये जाएंगे।
शहीद की प्रतिमा लगवाई जाएगी और उनके नाम से पार्क बनवाया जाएगा। अब शहीद के परिवार का कहना है कि सरकार ने इसमें एक भी घोषणा पर अमल नहीं किया है। इस वजह से परिवार को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।