बाबा राम रहीम के खिलाफ चल रही कार्रवाई का मामला ठंडा भी नहीं हुआ था कि अब राधे मां के खिलाफ कानूनी शिकंजा कसने की तैयारी है। कपूरथला निवासी सुरिंदर मित्तल ने याचिका दायर कर कपूरथला के एसएसपी पर हाईकोर्ट के 2015 के आदेशों का पालन न करने का आरोप लगाया है।
याचिका में कहा गया है कि राधे मां के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की गई है। कोर्ट ने याचिका पर सुनवाई करते हुए कपूरथला के एसएसपी को अवमानना का नोटिस जारी कर जवाब मांग लिया है। एसएसपी को अब अगली सुनवाई पर यह बताना होगा कि क्या इस प्रकरण में राधे मां के खिलाफ कोई आपराधिक मामला बनता है। अगर कोई मामला बनता है तो एफआईआर क्यों नहीं दर्ज की गई।
याचिका दाखिल करते हुए सुरिंदर मित्तल ने बताया कि वर्ष 2015 में भी उन्होंने हाईकोर्ट में याचिका दायर की थी। इसमें उन्होंने कहा था कि राधे मां खुद को मां दुर्गा का अवतार बताती है और लोगों को धर्म के नाम पर गुमराह करती हैं। अक्सर वे हाथ में त्रिशूल लिए मां दुर्गा का वेश धारण कर जागरणों में पहुंच जाती हैं। मामले को लेकर याचिकाकर्ता ने एसएसपी कपूरथला को शिकायत भी दी गई थी परंतु कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। इसी बीच एक महिला ने उन्हें मुंबई से कॉल किया और बताया कि राधे मां उसके पति के साथ मिलकर उसे प्रताड़ित कर रही है।