हरियाणा में नियुक्ति की बाट जोह रहे चयनित जेबीटी के लिए अच्छी खबर है। फिजिकल सत्यापन में सही पाए जा चुके 389 जेबीटी को जल्द नियुक्ति मिल जाएगी। हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग इनका फिजिकल सत्यापन कार्य पूरा कर चुका है। अब इनकी सूची प्राथमिक शिक्षा विभाग को भेजी जानी है। विभाग में सूची पहुंचने के बाद नियुक्ति प्रक्रिया शुरू होगी।
हरियाणा पात्र अध्यापक संघ के प्रतिनिधिमंडल ने इस संबंध में शनिवार को सीएम के प्रधान सचिव राजेश खुल्लर से उनके निवास पर मुलाकात की। इस दौरान चयनित जेबीटी से जुड़े सभी मुद्दों को प्रतिनिधिमंडल ने क्रमबद्ध तरीके से उठाया। खुल्लर के साथ ही सीएम के ओएसडी भूपेश्वर दयाल से भी प्रतिनिधिमंडल मिला। संघ के प्रधान राजेंद्र शर्मा वत्स ने सभी लो मैरिट जेबीटी को अनुपस्थित, डबल चयनित और नॉन ज्वॉइनिंग उम्मीदवारों की जगह रेगुलर करने की बात प्रमुखता से उठाई।
इसके अलावा हरियाणा कैडर के 152, मेवात कैडर के 59 व 178 नो ओपिनियन उम्मीदवारों के फिजिकल सत्यापन की सूची को जल्दी प्राथमिक शिक्षा विभाग में भेजकर नियुक्ति देने की मांग की गई। वेटिंग उम्मीदवारों को भी खाली पदों पर एडजस्ट करने का मुद्दा जोरदार तरीके से उठाया गया।
सीएम के प्रधान सचिव राजेश खुल्लर ने मौके पर ही स्कूल शिक्षा विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव से फोन पर बात कर इन मुद्दों को सुलझाने के निर्देश दिए हैं। साथ ही फिजिकल सत्यापन में सही पाए जा चुके उम्मीदवारों को शीघ्र नियुक्ति देने को कहा है। राजेंद्र ने बताया कि जल्दी ही पात्र अध्यापकों का प्रतिनिधिमंडल शिक्षा सचिव पीके दास से भी मिलेगा।