सीबीआई की पंचकूला कोर्ट की ओर से जैसे ही डेरा मुखी को दोषी ठहराया गया, बठिंडा में भी डेरा समर्थक भड़क गए। इसके बाद जिला प्रशासन ने तुरंत शहर में कर्फ्यू लगा दिया और पूरे जिले को पुलिस छावनी में तबदील कर दिया गया। इसके बावजूद रामामंडी में डेरा समर्थकों ने टेलीफोन एक्सचेंज और गांव जीवन सिंह वाला में सेवा केंद्र को आग के हवाले कर दिया। फायर ब्रिगेड की गाड़ियां मौके पर पहुंची और सीआरपीएफ व पंजाब पुलिस के जवानों ने स्थिति को काबू में किया।
जानकारी के अनुसार गांव जीवन सिंह वाला में 15 से 20 बाइक पर डेरा समर्थक तेजधार हथियार और पेट्रोल की बोतलें लेकर पहुंचे। उन्होंने गांव के बाहर स्थित सेवा केंद्र में तोड़-फोड़ करने के बाद आग के हवाले कर दिया। इसके अलावा गांव माहीमंगल में पेट्रोल बम से हमलाकर को-आपरेटिव सोसाइटी को जला दिया गया। इस मौके पर मौजूद लोगों ने वहां से भागकर अपनी जान बचाई। रविंदर सिंह ने बताया कि आरोपी युवक राम रहीम के नारे लगाते हुए गांव में आए और सिखों के प्रति भी अपशब्द बोले। गांव के लोगों ने संयम दिखाया तो डेरा समर्थकों ने सेवा केंद्र को ही आग लगा दी।
इसके अलावा अफीम वाली गली में कार पर पेट्रोल बम फेंका गया। तलवंडी में तीन डेरा समर्थकों को हिरासत में लिया गया है। इसके अलावा गांव बल्लूआणा में डेरा समर्थकों की ओर से रेलवे स्टेशन को आग लगाने का प्रयास किया गया। बल्लूआणा में पांच समर्थकों को हिरासत में लिया गया है। सूचना मिलते ही सीआरपीएफ एवं पंजाब पुलिस के जवान मौके पर पहुंचे और भीड़ को तितर-बितर किया। पूरे घटनाक्रम की सूचना मिलते ही जिला पुलिस प्रशासन एवं सीआरपीएफ के जवानों ने बठिंडा के रेलवे स्टेशन को घेर लिया।
मानसा में दो गाड़ियां फूंकी
मानसा में दो गाड़ियां फूंकी
डेरा प्रमुख को दोषी करार दिए जाते ही मानसा में डेरा समर्थकों का गुस्सा फूट पड़ा। शहर के वन वे ट्रैफिक रोड पर आयकर विभाग के भीतर खड़ी दो सरकारी गाड़ियों को आग के हवाले कर दिया गया।
सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की गाड़ी मौके पर पहुंची आग पर काबू पाया गया। आग किसने लगाई, इस बात का अभी पता नहीं चल सका है। डीसी धर्मपाल गुप्ता का कहना है कि जिले में किसी तरह के हालात न बिगड़े, इसलिए जिले भर में कर्फ्यू लगा दिया गया है। पुलिस के जवान शहर भर में लगातार गश्त लगाते रहे।
गांव मत्ती और दातेवास में भी आगजनी
जिले के गांव मत्ती में एक प्राइवेट गाड़ी को कुछ लोगों ने तोड़ दिया वहीं गांव होडला में बने सांझ केंद्र को भी आग लगाने का समाचार है। गांव दातेवास में भी कुछ लोगों ने पावरकॉम के ग्रिड को आग लगा दी। इसके बाद शहर में कर्फ्यू लगा दिया गया। कर्फ्यू लगते ही सभी दुकानें बंद हो गई। पुलिस ने कर्फ्यू लगने के तुरंत बाद अपनी मूवमेंट बढ़ा दी।
पटियाला में कर्फ्यू
Ram Rahim Rape case verdict
रेप मामले में डेरा प्रमुख को दोषी बताए जाने के बाद शुक्रवार शाम को मुख्यमंत्री के जिले पटियाला में कर्फ्यू लगा दिया गया। इस संबंधी जिला लोक संपर्क विभाग के मुलाजिमों और पुलिस ने अनाउंसमेंट कर लोगों को जानकारी दी। जिले भर में हालात तनावपूर्ण बने हुए हैं, पीआरटीसी ने अपनी बसों को रूटों पर नहीं भेजा, वहीं पटियाला के जरिये आने-जाने वाली ट्रेनें रद्द कर दी गई थीं। शहर के सभी स्कूल और कालेज भी शुक्रवार को बंद रहे।
मानसा और बठिंडा तीन दिन हाई अलर्ट पर
डेरा मुखी को 28 अगस्त को सजा सुनाई जाएगी। मालवा में डेरा समर्थकों की संख्या काफी अधिक है। इसलिए सरकार ने मानसा और बठिंडा को सेंसिटिव जोन में रखा है। दोनों जिलों में सुरक्षा के लिहाज से अद्धसैनिक बलों की अधिक टीमें मांगी गई थी। दोनों शहर अगले तीन दिन हाई अलर्ट पर हैं।