गणतंत्र दिवस के मद्देनजर सुरक्षा एजेंसियों के इनपुट के बाद थाना नरोट जैमल और बमियाल चौकी की पुलिस ने टीमें बनाकर भारत-पाक सीमा से सटे गांवों में शनिवार को सर्च ऑपरेशन चलाया। पुलिस ने गांव के भीतर घरों के अलावा बाहरी इलाकों, खेतों, जंगली एरिया और गुज्जरों के डेरों में तलाशी ली।
थाना नरोट जैमल सिंह प्रभारी प्रीतम सिंह, पुलिस चौकी बमियाल प्रभारी अंग्रेज सिंह और एएसआई तरसेम सिंह के नेतृत्व में बनाई टीमों ने शनिवार तड़के ही बॉर्डर क्षेत्र के डींडा, खोजकी चक्क, कोट भट्टियां समेत आधा दर्जन गांवों की घेराबंदी की। इस दौरान कोई भी ऐसी वस्तु अथवा संदिग्ध नहीं मिला।
हालांकि पुलिस अधिकारी इस अभियान को रुटीन का हिस्सा बता रहे हैं। लेकिन सुरक्षा एजेंसियों ने बमियाल सेक्टर में सुरक्षा को लेकर इनपुट भी जारी किए हुए हैं। जिसे लेकर पुलिस ने गुज्जरों के डेरे से लेकर गांव के श्मशान घाट और खंडहर मकानों में भी छानबीन की।
पुलिस टीमों की ओर से खेतों में बने बंकरों की बारीकी से जांच की गई। एसएचओ प्रीतम सिंह ने ग्रामीणों से कहा कि किसी प्रकार की संदिग्ध गतिविधियों का पता चलने पर तुरंत पुलिस को सूचित करें। पुलिस चौकी बमियाल के प्रभारी अंग्रेज सिंह पुलिस थाना नरोट जैमल सिंह के प्रभारी प्रीतम सिंह ने बताया कि रुटीन के तहत पुलिस सर्च ऑपरेशन चला रही है।