एमडीसी सेक्टर-5 की सोसाइटी जीएच-1 में दूषित पानी की आपूर्ति के कारण फैली बीमारी के बाद हुडा और हाउस ऑनर वेलफेयर एसोसिएशन के पदाधिकारी एक-दूसरे पर जिम्मेदारी थोप रहे हैं, लेकिन समाधान की ओर किसी का ध्यान नहीं है।
नतीजतन दूषित पानी पीकर अब तक करीब 60 लोग बीमार हो चुके हैं। एक माह की मुस्कान भी टायफायड से पीड़ित है।
टायफायड के कारण एक बच्ची की मौत और कई लोगों के बीमार होने के बाद रविवार को स्वास्थ्य विभाग ने ब्लड और पानी का सैंपल लेकर जांच के लिए भेज दिया है।
वहीं, शनिवार शाम से ही पानी की सप्लाई को भी बंद कर दिया गया। मजबूरन लोगों को बाहर से पानी भरकर लाना पड़ रहा है।
सोसाइटी वासियों का आरोप है कि दूषित पानी की सप्लाई का विरोध करने के कारण हाउस ऑनर वेलफेयर एसोसिएशन के सदस्यों ने ही पानी की सप्लाई बंद करवाई।
एसोसिएशन के विरोध में सोसाइटी की महिलाओं और बच्चों ने नारेबाजी भी की। इसके बाद दोपहर में सप्लाई शुरू हुई, लेकिन पानी गंदा ही आया।
पदाधिकारियों ने पल्ला झाड़ा
शनिवार को जिला लोकसंपर्क एवं कष्ट निवारण समिति की बैठक के दौरान स्थानीय निवासियों ने अमर उजाला में 22 फरवरी को छपी खबर दिखाते हुए शहरी स्थानीय निकाय मंत्री सावित्री जिंदल से शिकायत की।
इसके बाद ही हुडा अधिकारी ने इस मसले पर दलील भी दी। हुडा अधिकारियों का कहना है कि सोसाइटी तक पानी की आपूर्ति करना उनकी जिम्मेवारी है।
अगर अंदर पाइपलाइन में किसी तरह की खराबी के कारण यह समस्या पैदा हुई है तो इसकी देखभाल का जिम्मा एसोसिएशन का है।
वहीं, एसोसिएशन के अधिकारियों का कहना है कि सोसाइटी में हुडा पानी का सप्लाई देता है। यदि बीच की लाइन में गड़बड़ी है तो इसकी जिम्मेदारी हुडा की है।
विधायक और ‘आप’ के प्रतिनिधि भी पहुंचे
लोगों की समस्याएं सुनने के लिए रविवार को विधायक डीके बंसल और आम आदमी पार्टी के नेता भी सोसाइटी में पहुंचे। विधायक ने जल्द ही समस्या का समाधान कराने का आश्वासन दिलाया।
इसके अलावा दूषित पानी पीने से मौत की शिकार हुई आशिमा की मां को भी ढांढस बंधाया। उन्होंने मौके पर ही हुडा के एक्सईएन भूपेंद्र सिंह चीमा को बुलाया और चीमा ने हुडा की जिम्मेदारी सोसाइटी के मेन गेट तक पानी पहुंचाने की बात कही। विधायक के साथ रंजीता मेहता भी मौजूद रहीं।
इसके अलावा आम आदमी पार्टी की पंचकूला की महिला नेत्री सीमा भारद्वाज ने भी लोगों का हालचाल जाना।