फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Chandigarh News: दिवाली के बाद खुद उतरे सफाई में, दिया स्वच्छ शहर का संदेश

विज्ञापन
विज्ञापन
चंडीगढ़। सड़क पर पड़ा कागज हो या गली के कोने में जमा कूड़ा, अक्सर लोग इसे देखकर आगे बढ़ जाते हैं और सफाई की जिम्मेदारी नगर निगम पर छोड़ देते हैं। लेकिन शहर को साफ रखने के लिए हर बार किसी अभियान या सफाईकर्मी का इंतजार जरूरी नहीं। इसकी शुरुआत खुद से भी की जा सकती है। इसी सोच के साथ सेक्टर-49 के एलबी एन्क्लेव निवासी शिक्षाविद एमएन शुक्ला और पर्यावरण संरक्षण के लिए काम कर रहे ट्री मैन राहुल महाजन ने दिवाली के बाद सफाई की पहल कर लोगों को जिम्मेदारी का अहसास कराया।
विज्ञापन


अपना घर साफ तो गली क्यों नहीं?
एमएन शुक्ला का मानना है कि शहर अपना है तो इसकी साफ-सफाई की जिम्मेदारी भी हमारी है। दिवाली के बाद जब घर और आसपास कूड़ा जमा हुआ तो उन्होंने सफाईकर्मी का इंतजार करने के बजाय खुद सफाई की। उनका कहना है कि सफाई में कोई काम छोटा या बड़ा नहीं होता। जिस तरह हम अपने घर को साफ रखते हैं, उसी तरह घर के बाहर की जगह को भी अपना समझना चाहिए। स्वच्छता को किसी त्योहार या विशेष दिवस तक सीमित रखने के बजाय इसे रोजमर्रा की आदत बनाना जरूरी है। शुक्ला वॉइस ऑफ हाउसिंग सोसाइटीज सेक्टर-48 से 51 तक के संयोजक और वर्ल्ड पीस मिशन ट्रस्ट चंडीगढ़ के सचिव हैं।

ग्रीन दिवाली के बाद स्वच्छता का संदेश
पर्यावरण संरक्षण और शहर को हरा-भरा बनाने के लिए काम कर रहे ट्री मैन राहुल महाजन ने भी दीपावली के अगले दिन सेक्टर-27 सहित शहर के विभिन्न हिस्सों में सफाई अभियान चलाया। दिवाली से पहले उन्होंने लोगों से पर्यावरण को सुरक्षित रखने के लिए ग्रीन पटाखों के इस्तेमाल की अपील की थी। अब त्योहार के बाद उन्होंने सफाई के जरिये जागरूकता का संदेश दिया। राहुल महाजन ने कहा कि पेड़-पौधे हमें स्वच्छ हवा और बेहतर पर्यावरण देते हैं। उनकी देखभाल के साथ आसपास सफाई रखना भी हर नागरिक का दायित्व है। केवल दूसरों से उम्मीद करने के बजाय लोगों को खुद आगे आना होगा। दोनों का संदेश है कि स्वच्छ शहर की शुरुआत किसी दूसरे से नहीं, बल्कि खुद से होती है। सफाई को जिम्मेदारी नहीं, संस्कार बनाएं।
विज्ञापन
विज्ञापन

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें