मोहाली। ब्रेकअप के बाद युवक ऐसा सनकी बना कि उसने महज 35 सेकेंड में युवती पर चाकू से 30 वार किए और युवती की जिंदगी हमेशा के लिए खत्म हो गई। फेज-11 की एसआरपी यूएस लॉजिस्टिक कंपनी के कार्यालय में वीरवार शाम दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई थी। सहकर्मी हरजिंदर सिंह मान ने 30 वर्षीय डिंपल पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर उसकी हत्या कर दी। पूरी घटना कार्यालय में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई। वहीं, मृतका के परिवार ने प्रेम संबंधों की बात को सिरे से खारिज किया है।मृतका डिंपल और आरोपी हरजिंदर सिंह मान दोनों पटियाला के रहने वाले थे और पिछले करीब तीन वर्षों से एक ही कंपनी में कार्यरत थे। पुलिस जांच में सामने आया है कि दोनों के बीच पहले नजदीकियां थीं लेकिन कुछ माह पहले उनका संबंध खत्म हो गया था। इसके बाद हरजिंदर लगातार डिंपल से दोबारा रिश्ता बनाने की कोशिश कर रहा था जबकि युवती उससे दूरी बनाए हुए थी।
सीसीटीवी फुटेज में यह आया सामने
सीसीटीवी फुटेज के अनुसार शाम करीब साढ़े सात बजे डिंपल अपने केबिन में काम कर रही थी। तभी हरजिंदर पीछे से पहुंचा और अचानक चाकू से हमला कर दिया। हमले के बाद डिंपल जान बचाने के लिए कार्यालय में इधर-उधर भागती रही लेकिन आरोपी उसका पीछा करता रहा और लगातार वार करता गया। बीच-बचाव के लिए आए कर्मचारियों को भी उसने चाकू दिखाकर पीछे हटने पर मजबूर कर दिया।
आरोपी ने चाकू से खुद पर वार कर हत्या का किया प्रयास
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक जब आरोपी को लगा कि डिंपल की मौत हो चुकी है, तब उसने उसी चाकू से अपने गले और शरीर पर 11 वार कर आत्महत्या का प्रयास किया। दोनों को तुरंत फोर्टिस अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने डिंपल को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। आरोपी अस्पताल में उपचाराधीन है और उसके स्वस्थ होते ही पूछताछ की जाएगी।
परिवार ने प्रेम संबंधों की बात से किया इन्कार
मामले में नया मोड़ तब आया जब मृतका के परिवार ने प्रेम संबंधों की चर्चा को सिरे से खारिज कर दिया। डिंपल के दादा बलवंत सिंह और पिता राजकुमार ने कहा कि डिंपल एलएलबी तक पढ़ी हुई थी और परिवार के साथ हर बात साझा करती थी। उन्हें कभी किसी प्रेम संबंध की जानकारी नहीं थी। उन्होंने बताया कि डिंपल कुछ समय से नौकरी छोड़ने की बात जरूर कर रही थी। उधर, परिजनों ने कंपनी की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि यदि सुरक्षा इंतजाम मजबूत होते तो आरोपी चाकू लेकर कार्यालय में प्रवेश नहीं कर पाता और यह वारदात रोकी जा सकती थी।
हत्या का मामला दर्ज, अस्पताल में पुलिस तैनात
शुक्रवार को सिविल अस्पताल फेज-6 में पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। अस्पताल में पुलिस कर्मियों की तैनाती की गई है। जांच टीम सीसीटीवी फुटेज, कर्मचारियों के बयान, डिजिटल साक्ष्यों और दोनों के बीच संबंधों की प्रकृति की जांच कर रही है। आरोपी की हालत में सुधार होते ही उसे गिरफ्तार कर पूछताछ की जाएगी।
कोट्स
आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है। वह अस्पताल में उपचाराधीन है। स्वास्थ्य में सुधार होने पर उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा। -हरसिमरन सिंह बल, डीएसपी सिटी-2, मोहाली