चंडीगढ़। चीन केवुहान प्रांत में फैले जानलेवा कोरोना वायरस को लेकर चंडीगढ़ में भी एडवाइजरी जारी कर दी गई है। यूटी प्रशासन ने इससे बचाव के लिए दिशा-निर्देश जारी करते हुए खास तौर पर होटल संचालकों को सतर्क रहने को कहा है।
जारी की गई एडवाइजरी में होटल संचालकों को चीन, थाईलैंड और जापान से आने वाले पर्यटकों को लेकर आगाह किया गया है। उन्हें उन जगहों से आने वाले लोगों का पूरा रिकार्ड रखने को कहा है। वहीं किसी भी पर्यटक या जनसामान्य में कोरोना वायरस के लक्षण दिखने पर यूटी प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग को उसकी तत्काल सूचना देने को कहा गया है। इससे बचाव के लिए सरकारी और निजी अस्पतालों को भी तैयार करने का निर्देश दिया गया है।
कोरोना वायरस इंफेक्शन के लक्षण
कोरोना वायरस की वजह से रेस्पिरेटरी ट्रैक्ट यानी श्वसन तंत्र में हल्का इंफेक्शन हो जाता है जैसा कि आमतौर पर कॉमन कोल्ड यानी सर्दी-जुकाम में देखने को मिलता है। हालांकि इस बीमारी के लक्षण बेहद सामान्य हैं और कोई व्यक्ति कोरोना वायरस से पीड़ित न हो तब भी उसमें ऐसे लक्षण दिख सकते हैं। इसलिए लक्षणों के आधार पर डरने की कोई जरूरत नहीं। फिर भी इसका ध्यान रखें। इस वायरस के लक्षण नाक बहना, सिर में तेज दर्द, खांसी और कफ, गला खराब, बुखार, थकान और उल्टी महसूस होना, निमोनिया, ब्रॉन्काइटिस, सांस लेने में तकलीफ आदि हैं।
कोरोना वायरस को फैलने से ऐसे रोकें
बीमार मरीजों की सही तरीके से देखभाल की जाए।
रेस्पिरेटरी यानी सांस से जुड़ी बीमारी के लक्षण किसी में दिखें तो उससे दूर ही रहें।
जिन देशों या जगहों पर इस बीमारी का प्रकोप फैला है, वहां यात्रा करने से बचें।
हाथों को अच्छी तरह से धोएं और हाथों की सफाई का पूरा ध्यान रखें।
खांसी या छींकते वक्त अपने मुंह और नाक को अच्छी तरह से ढककर रखें।
अपने हाथ और उंगलियों से आंख, नाक और मुंह को बार-बार न छूएं।
सार्वजनिक स्थानों, सार्वजनिक यातायात के साधनों में कुछ भी छूने या किसी से हाथ मिलाने से बचें।