विज्ञापन लगेंगे, बदले में संवरेंगे 12 और चौक
कंपनियां करेंगी हरियाली और रखरखाव, लोगों को मिलेंगे साफ-सुथरे चौक लापरवाही पर निगम लगाएगा जुर्माना
माई सिटी रिपोर्टर
चंडीगढ़। शहर के 12 और चौकों की सूरत जल्द बदल सकती है। नगर निगम ने इन्हें विज्ञापन लाइसेंस फीस के लिए ई-ऑक्शन पर लगाया है। चौक लेने वाली कंपनी को विज्ञापन लगाने की अनुमति के बदले निगम को लाइसेंस फीस देनी होगी और उसी के खर्च पर चौक का रखरखाव व सौंदर्यीकरण होगा। यानी लोगों को बेहतर हरियाली, साफ-सफाई और व्यवस्थित चौक मिलेंगे जबकि रखरखाव का खर्च निगम को नहीं उठाना पड़ेगा।
हर चौक पर चार तय जगहों पर विज्ञापन लगाने की अनुमति होगी। कंपनी अपने ब्रांड के साथ दूसरी कंपनियों के विज्ञापन भी लगा सकेगी। इसके बदले उसे चौक की नियमित देखरेख करनी होगी।
पौधे सूखे तो लगेगा जुर्माना
कंपनी को मौसम के अनुसार पौधे लगाने, उनमें पानी देने, घास की कटिंग और कटी घास उठाने समेत पूरा रखरखाव करना होगा। निगम का हॉर्टिकल्चर विंग इसकी जांच करेगा। शर्तों का उल्लंघन मिलने पर कंपनी पर जुर्माना लगाया जाएगा।
दो कंपनियों ने चौक छोड़े, फिर ई-ऑक्शन
निगम ने 12 में से 10 चौकों को दोबारा ई-ऑक्शन पर लगाया है। पहले अधिक बोली लगाने वाली दो कंपनियों ने चौक सरेंडर कर दिए थे। वे अलॉटमेंट लेटर लेने भी नहीं पहुंचीं। ऐसे में निगम को दोबारा प्रक्रिया शुरू करनी पड़ी। ई-ऑक्शन में सेक्टर-14-15, 24-25, 37-38, 40-41, 27-28, 29-30, 31-32, 46-47, 32-33, 45-46, 33-34 और 44-45 समेत अन्य छोटे चौक शामिल हैं।
24 चौक पहले ही दिए जा चुके
नगर निगम अब तक 24 चौक कंपनियों को रखरखाव और सौंदर्यीकरण के लिए दे चुका है। पहले चरण में पांच, दूसरे में 15 और बाद में छह चौक अलॉट किए गए थे। इनमें दो कंपनियां कब्जा लेने नहीं पहुंचीं। नगर निगम के चीफ इंजीनियर संजय अरोड़ा ने बताया कि शहर के कुल 36 छोटे-बड़े चौकों का रखरखाव और सौंदर्यीकरण विज्ञापन लाइसेंस फीस देने वाली कंपनियों से कराया जाएगा। 24 चौक अलॉट हो चुके हैं और बाकी 12 ई-ऑक्शन पर हैं।