चंडीगढ़। सेक्टर-42 के सरकारी स्कूल व हॉकी स्टेडियम में फर्जी जन्म प्रमाण पत्र देकर एक नाबालिग बच्चे का दाखिला कराने का मामला सामने आया है। जानकारी मिलने पर रोपड़ निवासी परमजीत कौर ने मामले की शिकायत जुवेनाइल जस्टिस बोर्ड में दी। मामले में सेक्टर 36 थाना पुलिस ने फर्जी जन्म प्रमाण पत्र बनाने वाले अज्ञात लोगों पर धोखाधड़ी सहित अन्य मामलों में केस दर्ज कर लिया है।
परमजीत कौर ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 2019 में सेक्टर 42 स्थित गवर्नमेंट मॉडल सीनियर सेकेंडरी स्कूल और हॉकी स्टेडियम में बच्चे का दाखिला कराया गया था। जब उसके प्रमाणपत्र का वेरिफिकेशन करवाया गया तो वह फर्जी निकले। उन्होंने दाखिला लेने वाले बच्चे के परिजनों से जन्मप्रमाण पत्र के बारे में पूछा तो उसने बताया कि एक व्यक्ति ने उसे सर्टिफिकेट बनवाकर दिया था। इस संबंध में सेक्टर 25 स्थित जुवेनाइल जस्टिस बोर्ड को शिकायत दी गई। इसके साथ ही पुलिस को शिकायत दी कि बच्चे का दाखिला करवाने वाले के लिए अज्ञात व्यक्ति ने उसका जाली जन्मप्रमाण पत्र बनाया है। सेक्टर 36 थाना पुलिस ने मामले की छानबीन के बाद अज्ञात पर मामला दर्ज किया है।