चंडीगढ़ के करीब 70 प्राइवेट और 4 प्रमुख कॉन्वेंट स्कूलों में दाखिले के लिए कॉमन एडमिशन शेड्यूल फाइनल हो गया है। इन स्कूलों में एंट्री लेवल पर नर्सरी और केजी क्लास में दाखिले के लिए 1 दिंसबर से अभिभावक आवेदन कर सकेंगे। 30 नवंबर तक सभी स्कूल स्कूल वेबसाइट पर दाखिले संबंधी सभी जरुरी सूचना जारी कर देंगे।
जानकारी अनुसार शुक्रवार को शिक्षा सचिव सर्वजित सिंह ने शिक्षा विभाग की ओर से तैयार कॉमन एडमिशन शेड्यूल को अंतिम मंजूरी दे दी है। चंडीगढ़,पंचकूला और मोहाली के सैंकड़ों अभिभावक काफी दिनों से एडमिशन प्रक्रिया शुरू होने का इंतजार कर रहे थे। 9 नवंबर को डायरेक्टर स्कूल एजुकेशन रुबिंदरजीत सिंह बराड़ और प्राइवेट स्कूल प्रिंसिपल के बीच कॉमन एडमिशन शेड्यूल को लेकर मीटिंग हुई थी। बैठक में शिक्षा विभाग की ओर से प्रपोज किए गए कॉमन एडमिशन शेड्यूल में कुछ बदलाव के आश्वासन के बाद सभी प्राइवेट स्कूलों ने हामी भर दी थी।
नए शेड्यूल के तहत 30 नवंबर से प्राइवेट और कॉन्वेंट स्कूलों में एडमिशन प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। 1 से 12 दिसंबर तक सभी प्राइेवट और कॉन्वेंट स्कूलों द्वारा एंट्री लेवल के लिए आवेदन फार्म स्वीकार किए जाएंगे। शिक्षा विभाग के निर्देश के तहत आवेदन के लिए स्कूल कोई चार्ज नहीं लेंगे। लेकिन दाखिला पाने के बाद 100 रुपये प्रोसेसिंग फीस ली जाएगी।