चंडीगढ़ के सरकारी स्कूलों में पहली से 9वीं कक्षा तक की एडमिशन प्रक्रिया शुरू हो गई है। कोरोना महामारी के चलते इस बार शिक्षा विभाग के निर्देशानुसार एडमिशन के लिए परिजन एप्लीकेशन स्कूल के बाहर गार्ड को ही जमा करवाएंगे। साथ ही एडमिशन के लिए सिर्फ परिजनों को स्कूल आने की अनुमति दी गई है।
स्टूडेंट्स एडमिशन के लिए स्कूल नहीं आएंगे। स्कूल के एक प्रिंसिपल ने बताया कि इस दौरान गार्ड स्कूल के बाहर एप्लीकेशन जमा करवाने आने वाले परिजनों के शरीर का तापमान भी जांच करेंगे। वहीं प्रशासन के निर्देशानुसार हर परिजन को फेस मास्क पहनकर आना जरूरी होगा।
यह थी एडमिशन की पॉलिसी
एडमिशन के लिए पहली से आठवीं तक के बच्चों का घर नियमानुसार स्कूल परिसर के एक किलोमीटर के दायरे में होना अनिवार्य है। 9वीं और इससे ऊपर की कक्षा में एडमिशन के लिए शहर के किसी भी एरिया से परिजन अप्लाई कर सकते हैं। सरकारी स्कूलों में 9वीं से एडमिशन मेरिट के आधार पर दिया है। पहले 9वीं में एडमिशन के लिए स्कूल की तरफ से एक टेस्ट लिया जाता था और अंकों के आधार पर बच्चे को एडमिशन मिलता था।
इस बार ये रहेगा
इस बार कोरोना महामारी के चलते बच्चों के स्कूल आने पर मनाही है। आठवीं के अंकों के आधार पर ही एडमिशन दिया जाएगा।
एडमिशन प्रक्रिया शुरू हो गई है। स्कूलों को निर्देश दिए हैं कि एडमिशन के लिए एप्लीकेशन कलेक्ट करना शुरू कर दें।
- हरबीर सिंह आनंद, जिला शिक्षा अधिकारी