चंडीगढ़ के 20 सरकारी स्कूलों में 11वीं दाखिले की रजिस्ट्रेशन के लिए सिर्फ दो दिन बचे हैं, लेकिन शनिवार शाम तक सीट से 5000 ज्यादा रजिस्ट्रेशन हो गए हैं। आखिरी दो दिन में आंकड़ा और बढ़ेगा। ऐसे में बड़ा सवाल यह है कि विभाग इतनी बड़ी संख्या में बच्चों को कहां एडजस्ट करेगा। 21 जुलाई को 11वीं कक्षा की 12500 सीट के लिए ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन शुरू की थी।
सरकारी स्कूल की एक प्रिंसिपल ने नाम नहीं लिखने शर्त पर बताया कि इसके दो कारण हैं। पहला यहां के सरकारी स्कूल इंफ्रास्ट्रक्चर और क्वालिटी एजुकेशन दोनों में ही अच्छे हैं। सरकारी स्कूलों की फीस ना के बराबर होती हैं। विद्यार्थी चंडीगढ़ में आईआईटी और मेडिकल एंट्रेस की तैयारी के लिए कोचिंग लेने आते हैं।
ऐसे में उनकी प्राइवेट स्कूलों को दी जाने वाली लाखों की फीस में बचत होती है और उस फीस को अपनी कोचिंग में लगाते हैं। दूसरे वो विद्यार्थी होते हैं जिन्हें चंडीगढ़ के कॉलेजों में दाखिला लेना होता है। 11वीं और 12वीं चंडीगढ़ से पढ़े विद्यार्थियों को कॉलेजों में 80 प्रतिशत तक कोटा होता हैं, जिससे विद्यार्थियों के कांपीटिशन आसान हो जाता है। इसलिए हर वर्ष बडीं संख्या में शहर के बाहर से विद्यार्थी चंडीगढ़ के सरकारी स्कूलों में दाखिले के लिए अप्लाई करते हैं।