चंडीगढ़। शहर के इंजीनियरिंग कॉलेजों में दाखिले के लिए रजिस्ट्रेशन सोमवार से शुरू हो गया है। ज्वाइंट एडमिशन कमेटी की ओर से जेएसी (जैक) की वेबसाइट को सोमवार को अपडेट किया गया है। इस पर दाखिला कार्यक्रम भी अपलोड कर दिया गया है। इसमें इंजीनियरिंग कॉलेजों और आर्किटेक्चर कॉलेज-12 में दाखिला लेने वाले छात्र विभिन्न कोर्स के लिए आवेदन कर सकते हैं। इसके लिए 14 सितंबर तक का समय छात्रों के पास है।
जैक के जरिए छात्रों को बैचलर ऑफ इंजीनियरिंग, बैचलर ऑफ आर्किटेक्चर, बीई और एमबीए इंटिग्रेटेड कोर्स इत्यादि में दाखिला दिया जाएगा। पिछले सत्र में दाखिला रजिस्ट्रेशन 30 सितंबर से शुरू हुई थी। अन्य राज्यों की तरह चंडीगढ़ में भी जेईई मेन्स के अंक इंजीनियरिंग के लिए पांच संस्थानों में आंके जाते हैं। इसमें डॉ. एसएसबी यूनिवर्सिटी इंस्टीट्यूट ऑफ केमिकल इंजीनियरिंग (डॉ. एसएसबीयूआईसीईटी), यूनिवर्सिटी इंस्टीट्यूट ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी (यूआईईटी) पंजाब यूनिवर्सिटी, पीयू होशियारपुर रिजनल सेंटर के यूआईईटी, चंडीगढ़ कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी (सीसीईटी) और चंडीगढ़ कॉलेज ऑफ आर्किटेक्चर (सीसीए) शामिल है।
पहली बार की जाएगी पांच काउंसलिंग
जैक ने इस बार छात्रों के लिए पांच काउंसलिंग आयोजित करवाने का निर्णय लिया है। पिछले साल तक सिर्फ चार काउंसलिंग ही आयोजित करवाई जाती थी। पहले तीन काउंसलिंग राउंड के बाद दो स्पेशल काउंसलिंग राउंड आयोजित करवाए जाएंगे। पिछले साल भी यूआईसीईटी की ओर से ही दाखिला प्रक्रिया करवाई गई थी। इस बार भी पीयू का यूआईसीईटी ही दाखिला प्रक्रिया करवा रहा है।
ये रहेगा दाखिले का कार्यक्रम
29 अगस्त : रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया शुरू
13 सितंबर : बैंक चालान का अंतिम दिन
14 सितंबर : एसबीआई में फीस जमा करने और रजिस्ट्रेशन का अंतिम दिन
ये रहेगा काउंसलिंग का कार्यक्रम
पहली काउंसलिंग : 17 सितंबर से 22 सितंबर
दूसरी काउंसलिंग : 23 सितंबर से 28 सितंबर
तीसरी काउंसलिंग : 29 सितंबर से 3 अक्तूबर
चौथी स्पेशल काउंसलिंग : 4 अक्तूबर से 17 अक्तूबर
पांचवीं स्पेशल काउंसलिंग : 18 अक्तूबर से 31 अक्तूबर