चंडीगढ़। पंजाब के राज्यपाल व चंडीगढ़ के प्रशासक गुलाबचंद कटारिया ने नई एडवाइजरी काउंसिल का गठन कर दिया है। इसमें सदस्यों की संख्या घटाकर अब 54 कर दी गई है। इस बार भी पूर्व केंद्रीय मंत्री पवन बंसल को स्थान नहीं मिला है। वरिष्ठ वकील चेतन मित्तल, अजय जग्गा और पूर्व चीफ आर्किटेक्ट कपिल सेतिया सहित कई प्रमुख हस्तियों को नई सूची में शामिल किया गया है। जल्द ही स्टैंडिंग कमेटियों का गठन भी किया जाएगा।
यूटी प्रशासन के गृह विभाग की तरफ से नई एडवाइजरी काउंसिल के सदस्यों के नामों की घोषणा की गई है। पहले काउंसिल में 57 सदस्य थे, जिनकी वर्ष 2023 में संख्या बढ़ाकर 59 कर दी गई थी लेकिन अब फिर संख्या को 54 किया गया है। एडवाइजरी काउंसिल के चेयरमैन प्रशासक गुलाबचंद कटारिया होंगे। प्रशासक को हर छह महीने में काउंसिल की एक बैठक बुलानी होती है, जिसमें शहर के लगभग सभी मुद्दों पर चर्चा की जाती है और समस्याओं का समाधान ढूंढा जाता है। एडवाइजरी काउंसिल की आखिरी बैठक 14 सितंबर को सेक्टर-10 स्थित होटल माउंट व्यू में हुई थी, जिसमें मेट्रो-मोनो समेत कई मुद्दों पर काउंसिल के सदस्यों ने चर्चा की थी। गृह विभाग के आदेश के अनुसार यह काउंसिल दो साल के लिए मान्य रहेगी। बैठकों के लिए उन्हें कोई टीए-डीए नहीं मिलेगा।
काउंसिल में यह नए सदस्य हुए शामिल
नई एडवाइजरी काउंसिल में सांसद मनीष तिवारी, मेयर कुलदीप कुमार, राज्यसभा सांसद सतनाम सिंह संधू, पूर्व मेयर और पूर्व सांसद, भाजपा-कांग्रेस-आम आदमी पार्टी और अकाली दल के प्रदेश अध्यक्ष, पीजीआई के निदेशक, सीसीपीसीआर की चेयरपर्सन, व्यापार मंडल के प्रधान, सीआईआई-एनआर के अध्यक्ष, क्राफ्ड अध्यक्ष, होटल एंड रेस्टोरेंट एसोसिएशन के अध्यक्ष, इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ़ आर्किटेक्चर के अध्यक्ष, रोटरी क्लब के प्रेसिडेंट, फिक्की के प्रेसिडेंट, इंडियन मेडिकल एसोसिएशन के प्रेसिडेंट, चंडीगढ़ प्रेस क्लब के प्रेसिडेंट, चंडीगढ़ ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन के प्रेसिडेंट, नगर निगम में नेता प्रतिपक्ष, पंजाब यूनिवर्सिटी के वाइस चांसलर, पीएचडी चैंबर के प्रेसिडेंट, पंजाब और हरियाणा के मौजूदा व पूर्व चीफ सेक्रेटरी, एसजीपीसी के प्रतिनिधि, एनजेडसीसी पटियाला के निदेशक, फॉसवेक प्रेसिडेंट, चंडीगढ़ लायंस क्लब के प्रेसिडेंट, चंडीगढ़ सीनियर सिटीजन एसोसिएशन के प्रेसिडेंट, लघु उद्योग भारती के प्रेसिडेंट, चंडीगढ़ ट्रेडर्स एसोसिएशन के प्रेसिडेंट, डॉ राज बहादुर, राकेश रतन अग्रवाल, देव समाज कॉलेज की सुखविंदर कौर बराड़, पीजीआई की डॉ आशिमा गोयल, डॉ संजय कौशिक, शिव सिंह, पंजाब-हरियाणा हाईकोर्ट के वरिष्ठ वकील चेतन मित्तल, डॉ. संजीव भाटिया, वकील अजय जग्गा, हरिओम वर्मा, एसडी कॉलेज के प्रिंसिपल अजय शर्मा, यूटी प्रशासन के पूर्व चीफ आर्किटेक्ट कपिल सेतिया, सोरम स्कूल की प्रिंसिपल संगीता जैन, चंडीगढ़ कॉलेज ऑफ़ आर्किटेक्चर के पूर्व प्रिंसिपल एसएस भट्टी, हरियाणा के पूर्व चीफ आर्किटेक्ट एके सभरवाल, राकेश भल्ला, वरिष्ठ नेता सुभाष चावला, सुरिंदर कुमार महाजन, रिटायर्ड आईएएस उर्वशी गुलाटी, शिविंदर मंढोतरा, युद्धवीर सिंह कौड़ा को शामिल किया गया है।