चंडीगढ़ पुलिस के 10 पुलिस अफसरों-कर्मियों को मिलेगा पदक
चंडीगढ़ पुलिस के 10 अफसरों-कर्मियों को स्वर्ण, रजत और कांस्य पदक देकर सम्मानित किया जाएगा। डीजीपी प्रवीर रंजन ने इन प्रशस्ति पत्र के लिए नाम मंजूर किए हैं। स्वर्ण पदक के लिए एसपी सिटी मृदुल, डीएसपी श्री प्रकाश और एसआई मोहिंदर सिंह (मरणोपरांत) स्वर्ण पदक दिया जाएगा। वहीं, रजत पदक के लिए डीएसपी जसविंदर कौर, एएसआई जोगिंदर सिंह व हवलदार वीर सिंह का नाम शामिल है। इनके अलावा कांस्य पदक के लिए एसआई रमेश कुमार, एसआई जगदेव कुमार, एएसआई वरिंदर चौहान व कांस्टेबल निक्की का नाम शामिल है।
आज कई सड़कें बंद रहेंगी, परेड देखने जाना है तो वैकल्पिक रूट चुनें
स्वतंत्रता दिवस पर मुख्य समारोह सेक्टर-17 के परेड ग्राउंड में होगा। समारोह स्थल के आसपास कड़ी सुरक्षा व्यवस्था रहेगी। साथ ही कुछ सड़कें आम लोगों के लिए बंद रहेंगी। इसे लेकर चंडीगढ़ यातायात पुलिस ने एडवाइजरी जारी की है। इसमें कहा गया है कि पंजाब राजभवन से लेकर परेड ग्राउंड तक कुछ सड़कों को सुबह 6:30 बजे से लेकर कार्यक्रम खत्म होने तक आम लोगों के लिए बंद रखा जाएगा।
इनमें सेक्टर-16, 17, 22, 23 के चौक से लेकर उद्योग पथ पर गुरदयाल सिंह पेट्रोल पंप, सेक्टर-22ए, जिला अदालत की पुरानी इमारत, सेक्टर-17 से शिवालिक होटल तक परेड ग्राउंड के पीछे, नगर निगम दफ्तर, सेक्टर-17 लाइट प्वाइंट के पास लियोन रेस्टोरेंट से लेकर परेड ग्राउंड तक का रास्ता बंद रहेगा।
वहीं कार्यक्रम खत्म होने तक सेक्टर-22ए के बाजार के सामने पार्किंग में कोई आम व्यक्ति अपनी गाड़ी पार्क नहीं कर सकेगा। परेड ग्राउंड कार्यक्रम में शामिल होने वाले मेहमानों को क्रिकेट स्टेडियम चौक से आकर सेक्टर 22ए दुकानों के पास पार्किंग करनी होगी। आम लोगों से आग्रह किया गया है कि वे परेड ग्राउंड की तरफ सेक्टर-17 बस स्टैंड चौक या सेक्टर 17,18 लाइट प्वाइंट की तरफ से आएं।
यहां रहेगी पार्किंग की व्यवस्था
आम लोग अपने वाहन सेक्टर-22 बी बाजार के सामने, सर्कस मैदान, सेक्टर 17, नीलम सिनेमा के सामने या मल्टी-स्टोरी पार्किंग, सेक्टर-17 में खड़ा कर सकेंगे। इस दौरान आईएसबीटी सेक्टर-17 से आने वाली बसों को किसान भवन चौक और पिकाडली चौक से आईएसबीटी चौक सेक्टर-17 की ओर डायवर्ट किया जाएगा जो गुरदयाल सिंह पेट्रोल पंर के पास से होते हुए आईएसबीटी-17 पहुंचेंगी।
यहां से डायवर्ट होगा यातायात
कार्यक्रम खत्म होने तक जाम की स्थिति न बने और यातायात सुचारु रूप से चलता रहे इसके लिए आम लोगों के यातायात को सुबह 10:45 से साढ़े 11 बजे तक आईएसबीटी-17 चौक से ही अन्य रास्तों से डायवर्ट कर दिया जाएगा। यातायात को सेक्टर 17,18 लाइट प्वाइंट से, अरोमा लाइट प्वाइंट से, सेक्टर 18, 19, 20, 21 चौक से तथा क्रिकेट स्टेडियम चौक से ही डायवर्ट कर दिया जाएगा। इस रास्ते पर सिर्फ बसों को ही चलने की अनुमति होगी। लोगों को कहा गया है कि वह वैकल्पिक रुट अपनाएं ताकि दिक्कत का सामना न करना पड़े।
कार्यक्रम स्थल पर सुबह साढ़े 8 तक पहुंच जाएं
परेड ग्राउंड में आने वाले मेहमानों को सुबह साढ़े 8 बजे तक कार्यक्रम स्थल पर पहुंचकर स्थान ग्रहण करने क जाने को कहा गया है। मेहमानों को किन गेट से दाखिल होना है उसकी जानकारी भी जारी की गई है। आम लोगों को गेट नंबर 8, 9 और 10 से दाखिल होना है। विशेष मेहमानों को गेट नंबर 4, 5, 6 और 7 से दाखिल होना है।
मीडिया के लोगों को कवरेज के लिए गेट नंबर 5 से दाखिल होना है। सभी मेहमानों को अपनी वास्तविक पहचान पत्र साथ लाने को कहा गया है। वहीं उन्हें अपने साथ आपत्तिजनक सामान न लाने की हिदायत भी दी गई है। इसमें बैग, माचिस, चाकू, सिगरेट, हथियार, शराब, ज्वलनशील वस्तु, काला झंडा, बैनर, पोस्टर आदि शामिल हैं।