चंडीगढ़। यूटी प्रशासन ने निर्देश जारी किया है कि शहर के जिन लोगों का आधार कार्ड 10 साल पहले बना था, वह उसे अपडेट करा लें। ऐसा नहीं करने पर लोग आधार से जुड़ी विभिन्न सेवाओं से वंचित रह सकते हैं।चंडीगढ़ क्षेत्रीय कार्यालय यूआईडीएआई के उप महानिदेशक भावना गर्ग ने वीरवार को प्रशासक के सलाहकार धर्मपाल से मुलाकात की और उन्हें आधार की तरफ से चलाई जा रही विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी। बताया गया कि 10 साल पहले बने आधार कार्ड धारकों को आधार कार्ड अपडेट कराना होगा। लोगों को आधार कार्ड में डेमोग्राफिक डिटेल जैसे नाम, पता और मोबाइल नंबर अपडेट करना होगा ताकि आधार कार्ड से संबंधित धोखाधड़ी और घोटालों को रोका जा सके। बताया गया कि लोग पहचान और पते को वेरिफाई करने के लिए दस्तावेजों को ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों तरीकों से आसानी से अपडेट कर सकते हैं। आधार कार्ड में पहचान व पते से जुड़े दस्तावेजों को ऑनलाइन तरीके से अपडेट करने का शुल्क 25 रुपये है। वहीं, अगर आप इस काम को ऑफलाइन तरीके से करते हैं तो आपको इसके 50 रुपये देने होंगे।