यमुनानगर। विधानसभा चुनाव के लिए आचार संहिता लागू होने के बाद शनिवार को उपायुक्त मंदीप सिंह बराड़ की अध्यक्षता में अधिकारियों की बैठक आयोजित की गई।
इस बैठक में चुनाव की तैयारियों की समीक्षा की गई। इस दौरान उपायुक्त ने सभी रिटर्निंग अधिकारियों, सहायक रिटर्निंग अधिकारियों तथा चुनाव ड्यूटी में तैनात अन्य अधिकारियों को निर्देश दिए गए। जिला निर्वाचन अधिकारी ने सभी अधिकारियों को निर्देश दिए कि बगैर उनकी अनुमति के कोई भी अधिकारी अपना मुख्यालय नहीं छोड़ेगा।
उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग की ओर से चुनाव के संबंध में जो भी हिदायत जारी की गई हैं। अधिकारियों को उनका पूरी तरह से पालन करना होगा। उन्होंने अधिकारियों को कानून व्यवस्था के संबंध में गंभीरता बरतने की हिदायत दी। इस मौके पर एडीसी डॉ. सतबीर सिंह सैनी, जगाधरी के एसडीएम डॉ. आदित्य दहिया, बिलासपुर की एसडीएम पूजा चॉवरियां, सीटीएम रुचि सिंह, डीआईओ रमेश गुप्ता, डीडीपीओ गगनदीप सिंह, डीआरओ सतीश भारद्वाज, डीएसपी (मुख्यालय) विरेंद्र विज समेत जिले के अन्य अधिकारी भी उपस्थित थे।
जल्द से जल्द सुधारें पोलिंग स्टेशनों की हालत
जिला निर्वाचन अधिकारी ने पोलिंग स्टेशनों को लेकर उन्होंने पीडब्लूडी, पब्लिक हैल्थ और शिक्षा विभाग के अधिकारियों को हिदायत देते हुए कहा कि जल्द से जल्द सभी पोलिंग स्टेशनों की व्यवस्था को दुरुस्त कर लें। सभी पोलिंग स्टेशनों पर रोशनी व प्रकाश की व्यवस्था, खिड़की दरवाजें दुरुस्त हों, रैंप की व्यवस्था हो, सभी जगहों पर पीने के पानी की उचित व्यवस्था हो। उन्होंने सभी पोलिंग स्टेशनों पर शौचालयों की उचित व्यवस्था करने के निर्देश भी दिए। इसके अलावा सभी पोलिंग स्टेशनों तक पहुंचने वाले रास्तों की व्यवस्था का निरीक्षण करने के लिए भी कहा गया। उन्होंने कहा कि अगर कहीं रास्ता कच्चा है या पोलिंग स्टेशन के रास्ते में पानी भरा है तो वहां की व्यवस्था भी जल्द से जल्द दुरुस्त कर ली जाए।
दीवारों और खंभों पर लगे पोस्टर हटाने के दिए निर्देश
चुनाव अभियान के दौरान रैलियों, पोस्टरों और हैलीकॉप्टर के लिए स्थानों को निर्धारित करने को लेकर उन्होंने कहा कि सभी कार्यों के लिए सिंगल विंडो सिस्टम शुरू किया गया है। उन्होंने पुलिस अधीक्षक को निर्देश दिए कि सिंगल विंडो सिस्टम के लिए निर्धारित जगहों पर पुलिस अधिकारियों की भी तैनाती करें। इस दौरान जो भी पहले आएगा उसी को प्राथमिकता के आधार पर जगह और हैलीपैड अलॉट किया जाएगा। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी विधानसभा क्षेत्रों में प्रचार के पोस्टर और होर्डिंग लगाने के लिए स्थान निर्धारित किए गए हैं। इन स्थानों के अलावा अगर कहीं पर भी कोई होर्डिंग लगा मिलता है तो वह आदर्श आचार संहिता का उल्लंघन है। उन्होंने नगर निगम के अधिकारियों को निर्देश दिए कि वह तुरंत हर जगह दीवारों और बिजली के खंभों पर लगे पोस्टर हटा दें।
स्वीप के तहत चलाया जाएगा अभियान
स्वीप को लेकर जिला निर्वाचन अधिकारी मंदीप सिंह बराड़ ने कहा कि जिले में लोगों को मतदान के प्रति जागरूक करने के लिए विशेष अभियान लोकसभा चुनावों की तरह चलाया जाएगा।
बैव कास्ंिटग से जुड़ेंगे 25 पोलिंग स्टेशन
जिले के 25 पोलिंग स्टेशनों को बैव कास्टिंग से जोड़ा जाएगा। ऐसे में यहां हो रही सभी गतिविधियां लघु सचिवालय में बनाए गए कंट्रोल रूम में दिखाई देंगी। उन्होंने बताया कि चुनाव के दौरान पेड न्यूज पर निगरानी के लिए एमसीएमसी कमेटी बनाई गई है। इसके अलावा जिला सूचना और जनसंपर्क अधिकारी के कार्यालय में एक मीडिया सेंटर भी बनाया गया है। चुनाव के दौरान कैश व शराब को लाने ले जाने पर भी निगरानी रखी जाएगी।
पुलिस प्रशासन भी मुस्तैद
बैठक में एसपी शशांक आनंद ने कहा कि चुनाव के दौरान कानून व्यवस्था को बनाए रखने के लिए जिला पुलिस द्वारा सभी तैयारियां पूरी कर ली गई है। उन्होंने कहा कि चुनाव के दौरान तालमेल के साथ पूरे ऐहतियात के तहत कार्य करने की आवश्यकता है।