फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

पंजाबः अवैध नशा छुड़ाओ केंद्र पर प्रशासन का छापा, 200 मरीजों को छुड़ाया

Wed, 17 Oct 2018 09:21 AM IST
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, चमकौर साहिब (रोपड़)
विज्ञापन
गैर कानूनी नशा छुड़ाओ केंद्र
विज्ञापन

पंजाब के रोपड़ के चमकौर साहिब के नजदीक गांव जंड साहिब में प्रशासन ने छापेमारी कर गुरुद्वारा साहिब के साथ बनी एक इमारत में चल रहे गैर कानूनी नशा छुड़ाओ केंद्र में बंधक बनाकर रखे गए 200 लोगों को छुड़वाया। केंद्र चला रहे व्यक्ति पर मामला दर्ज कर लिया गया है। छापामारी के दौरान डीसी सुमित जारंगल और एसएसपी स्वप्न शर्मा भी मौजूद रहे।

विज्ञापन


इस केंद्र की ऊपरी मंजिल पर धार्मिक स्थान बनाया गया है, जहां पर युवकों को धार्मिक शिक्षा देने की बात कही जा रही है। डीसी ने बताया कि यह केंद्र अनाधिकृत तौर पर चलाया जा रहा है। केंद्र को धार्मिक माहौल दिया गया था ताकि मरीजों के साथ व्यवहार के बारे में किसी को जानकारी न हो। ज्यादातर मरीज गुरसिख हैं। इमारत की पहली मंजिल पर सांचों में श्री गुरुग्रंथ साहिब के पावन स्वरूपों की पोथी साहिब और श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी के पावन स्वरूप भी विराजमान हैं।

मरीजों ने अफसरों को बताया कि उनके साथ मारपीट की जाती है। गोबर उठवाया जाता है। खाना भी अच्छा नहीं दिया जाता। 13 साल के एक बच्चे ने बताया कि उसे रोजाना पोंछा मारने के लिए कहा जाता है और नहीं कहने पर पिटाई की जाती है। 60 साल के एक बुजुर्ग ने कहा कि उसके साथ बदतमीजी की जाती है। 
विज्ञापन


केंद्र में सभी को नशा छुड़ाने की आड़ में रखा गया था। मौके से कई दवाएं भी बरामद हुई हैं जिनकी जांच करवाई जा रही है। प्रशासन ने परिजनों को बुलाकर मरीजों का मेडिकल करवाया। डीसी ने कहा कि केंद्र को कब्जे में ले लिया गया है। मेडिकल के बाद मरीजों को परिजनों के हवाले किया जाएगा या फिर किसी सरकारी केंद्र में भेजा जाएगा। 

 नवांशहर वासी जसविंदर कौर की शिकायत पर केंद्र पर पुलिस ने छापा मारा। जसविंदर कौर ने बताया कि उसका बेटा नशा करता था इसलिए उन्होंने बेटे को केंद्र में भर्ती करवाया था। बेटे ने उनको बताया कि उसके साथ मारपीट की जाती है। इसके बाद उन्होंने प्रशासन को शिकायत दी।  

संचालक भी नशे का आदी, हत्या में जेल जा चुका 
नशा छुड़ाओ केंद्र के संचालक खुशविंदर सिंह से सख्ती से पूछताछ की गई तो उसने बताया कि वह एमबीबीएस डॉक्टर है लेकिन यहां नशे का आदी होने के कारण दाखिल हुआ है। वह शहीद भगत सिंह नगर का रहने वाला है। केंद्र संचालक ने मरीजों के आरोपों को गलत बताया और कहा कि वह युवकों को धार्मिक शिक्षा देता है। यहां पर सिख अकादमी चला रहा है लेकिन कोई दवाई नहीं देता। जानकारी के अनुसार खुशविंदर सिंह पर हत्या समेत छह से ज्यादा आपराधिक मामले दर्ज हैं। उसने बताया कि वह दो बार जेल में रह चुका है, लेकिन अब सभी मामलों में बरी हो चुका है।

पशुओं के बाड़े में एसएसपी को बंदर, बतख और खरगोश रखे मिले। डीसी ने कहा कि वाइल्ड लाइफ विभाग की टीम को भी मौके पर भेजा जाएगा कि क्या जंगली जानवरों को इस तरह बाड़े में रखना जायज है या नहीं। 

विज्ञापन
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें