चंडीगढ़। केंद्र सरकार की प्रमुख योजनाओं की प्रगति की समीक्षा के लिए मंगलवार को सेक्टर-9 स्थित यूटी सचिवालय में एक उच्च स्तरीय बैठक का आयोजन किया गया। इसकी अध्यक्षता चंडीगढ़ के मुख्य सचिव राजीव वर्मा और केंद्रीय गृह मंत्रालय के अपर सचिव (यूटी) नितेश कुमार व्यास ने की। यह बैठक करीब 8 घंटे चली, जिसमें विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
इस समीक्षा बैठक में शिक्षा, स्वास्थ्य, पोषण, स्वच्छता एवं सामाजिक सुरक्षा से संबंधित केंद्र सरकार की 30 प्रमुख योजनाओं की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की गई। विभागीय सचिवों ने संबंधित योजनाओं की वर्तमान स्थिति, उपलब्धियां तथा चुनौतियों पर प्रस्तुति दी और आश्वासन दिया कि प्रशासन सभी लक्ष्यों को समयबद्ध रूप से पूर्ण करने के लिए प्रतिबद्ध है।
बैठक के दौरान आयुष्मान भारत-प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना, जल जीवन मिशन (शहरी), स्वच्छ भारत मिशन- शहरी 2.0, स्मार्ट सिटी मिशन, प्रधानमंत्री आवास योजना-शहरी, राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन, समग्र शिक्षा, पोषण अभियान, ईज ऑफ डूइंग बिजनेस तथा डिजिटल इंडिया पहल जैसी योजनाओं में चंडीगढ़ की उपलब्धियों को बताया गया।
इसके अलावा बैठक में नए आपराधिक कानूनों के तहत चंडीगढ़ में लागू किए जा रहे तीन नए ऐप्स ई-साक्ष्य, न्याय सेतु, न्याय श्रुति और ई-समन की स्थिति की भी समीक्षा की गई। इंटर ऑपरेबल क्रिमिनल जस्टिस सिस्टम के तहत इन कानूनों के डिजिटल कार्यान्वयन का लाइव डेमो भी अपर सचिव को प्रस्तुत किया गया।
इस दौरान वे सेक्टर-18 स्थित सेनकॉप्स भी गए और वहां की कार्यप्रणाली को देखा। उन्होंने प्रशासन की तरफ से की जा रही क्रियान्वयन की सराहना की और सभी योजनाओं के समयबद्ध तरीके से पूरा करने, सेवा की प्रभावी डिलीवरी, डेटा-आधारित निगरानी, अंतर्विभागीय समन्वय और जनसहभागिता पर विशेष बल दिया। बैठक में गृह सचिव मनदीप सिंह बराड़, पुलिस महानिदेशक पुष्पेंद्र कुमार, वित्त सचिव दीप्रवा लाकड़ा सहित अन्य विभागों के सचिव व अधिकारी उपस्थित रहे।