चंडीगढ़। दिव्या पब्लिक स्कूल सेक्टर-44 में खेले गए टी-20 क्रिकेट टूर्नामेंट के फाइनल मुकाबले में अड्डा क्रिकेट क्लब ने डायमंड क्रिकेट क्लब को 155 रनों से हरा दिया। हरविंदर नैन को मैन ऑफ द मैच और प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट भी चुना गया ।
टास जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए अड्डा क्रिकेट क्लब ने 20 ओवर में 4 विकेट खोकर 238 का स्कोर बनाया। ओपनर कमल जोशी (5 रन) के जल्दी आउट हो जाने के बाद दूसरे ओपनर अरुण लूथरा (27 रन) और तीसरे नंबर पर उतरे हरविंदर नैन ने शानदार 91 रन बनाए। नैन की पारी में 2 सिक्सर और 19 चौके शामिल रहे। पंकज 56 रन बनाकर नाबाद रहे। पांचवें नंबर पर उतरे राहुल कपानी ने 35 रन का योगदान दिया और टीम के स्कोर को 238 रन पर पहुंचा दिया।
गेंदबाजी में डायमंड क्रिकेट क्लब के प्रियांश ने 2 बल्लेबाजों को पवेलियन लौटाया, जबकि अभिषेक और चंदन ने 1-1 विकेट हासिल किए। बड़े स्कोर का दबाव डायमंड क्रिकेट क्लब के खिलाड़ी नहीं झेल पाए और पूरी टीम 15 ओवर में ही 83 के स्कोर पर सिमट गई।
गौरव (15 रन), चन्दन (14 रन), प्रियांश (12रन) और अभिषेक (11 रन) ही दहाई का स्कोर पार कर सके। गेंदबाजी में अड्डा क्रिकेट क्लब के जसपाल सिंह ने 2 विकेट चटकाए। जबकि पंकज, कमल जोशी, चेतन शर्मा, हरविंदर, प्रशांत और कमल अरोड़ा के हिस्से में 1-1 विकेट आया।