मोगा में सोनू सूद ने आठ जरूरतमंद लोगों को ई-रिक्शा भेंट किए।
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
देश में बेरोजगारी खत्म करने की मंशा से फिल्मी अदाकार सोनू सूद ने अनोखी पहल की है। इसकी शुरूआत उन्होंने अपनी जन्मभूमि मोगा से शुक्रवार को की। सोनू ने अपनी बहन मालविका सच्चर और जीजा गौतम सच्चर के साथ अपने निवास पर आठ जरूरतमंद लोगों को ई-रिक्शा भेंट किए। सोनू ने घोषणा की है कि आगामी दिनों में वह देशभर में 150 लोगों को ई-रिक्शा वितरित करेंगे।
कोविड काल के दौरान गरीबों को खाने-पीने के सामान समेत पैसे देने या फिर उन्हें उनके घरों तक पहुंचाने को लेकर सोनू सूद ने खूब सुर्खियां बटोरी थीं। सोनू सूद के कार्यों को देखते हुए उनकी बहन मालविका सच्चर भी समाजसेवा कर रही हैं। मोगा शहर में बच्चों को मुफ्त हॉलीवुड क्लास की सुविधा समेत जरूरतमंद विद्यार्थियों को हर प्रकार की सहायता करने के काम मालविका की ओर से किए जा रहे हैं। मालविका का कहना है कि ऐसे कामों के लिए उन्हें अपने भाई से प्रेरणा मिली। इस काम में पति गौतम सच्चर उन्हें भरपूर सहयोग दे रहे हैं।
बातचीत के दौरान सोनू सूद ने कहा कि हर इंसान को अपने स्तर पर समाज के प्रति अपना फर्ज अदा करते हुए जरूरतमंदों को सहायता करनी चाहिए। उन्होंने बताया बेरोजगारी खत्म करने की मंशा से देशभर में 150 जरूरतमंद लोगों को मुफ्त में ई-रिक्शा बांटे जाएंगे। उन्होंने बताया भविष्य में भी वह इस प्रकार के कार्य करते रहेंगे और अपने देश को आगे ले जाने के लिए अपनी ओर से कोई कसर नही छोड़ेंगे।